
लेह। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला (Lok Sabha Speaker Om Birla) ने कहा कि हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं समय के साथ मजबूत हुई हैं और उत्तरोत्तर निर्वाचित सरकारों ने इसमें अपनी भूमिका निभाई है।
बिरला ने अपने संबोधन में हमारे लोकतंत्र को और अधिक जीवंत और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने पर जोर देते हुए कहा कि जनता ही हमारे संविधान के केंद्र में है। हमारे संविधान ने हमारी विविधताओं के बावजूद हमारे लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भारत में बहुत विकास हुआ है परंतु अन्य कई देशों के विपरीत, भारत में कभी भी एक निर्वाचित सरकार से दूसरी सरकार को सत्ता हस्तांतरण के क्रम में अस्थिरता नहीं आई।
लोकसभा अध्यक्ष ने कोविड-19 का मुकाबला करने में भारत की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे सामूहिक प्रयास और प्रतिबद्धता से इस वायरस से लड़ना संभव हुआ। जहां कई विकसित देशों को कोविड की रोकथाम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, वहीं भारत में इस महामारी को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया।
बिरला ने आगे कहा कि हमारे गांवों में अपार संभावनाएं हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधियों से गांवों के विकास और प्रगति के कार्य में शामिल होने की अपील की ताकि विकास का लाभ सभी व्यक्तियों तक पहुंचे।
इस अवसर पर लद्दाख के उपराज्यपाल आर.के. माथुर ने जमीनी संस्थाओं को मजबूत और अधिक विकासोन्मुखी बनाने के मामले में की गई प्रगति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से लद्दाख तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि लोक सभा अध्यक्ष की ऐतिहासिक यात्रा से लद्दाख में लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत होंगी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved