संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले (Sambhal district) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को थाने के बाहर पंचायत लगाकर जूतों से सजा देने का वीडियो सोशल (Video social) मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते है।
यह मामला थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को एक किशोरी घास लेने जंगल गई थी। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद किशोरी के परिजन आरोपी के खिलाफ तहरीर देने थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया।
थाने के बाहर लगी पंचायत
सूत्रों के मुताबिक, थाने में बातचीत के बाद दोनों पक्षों को बाहर भेज दिया गया। इसके बाद थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कथित तौर पर पंचायत लगाई गई। इसी दौरान किशोरी से आरोपी युवक को जूते मारने के लिए कहा गया। वायरल वीडियो में किशोरी को युवक के सिर पर जूते मारते हुए देखा जा सकता है।
इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई जा रही है, तो दूसरी ओर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने झाड़ी जिम्मेदारी
मामले पर थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से केवल मौखिक शिकायत की गई थी। बाद में दोनों पक्षों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न कराने की बात कही और थाने से चले गए। उन्होंने कहा कि थाने के बाहर जो कुछ हुआ, उसकी कोई आधिकारिक जानकारी पुलिस के पास नहीं है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved