खेल

PBKS vs RCB: पंजाब ने चेस किया 206 रन का आंकड़ा, RCB को पांच विकेट से हराया

मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के तीसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स (Punjab Kings-PBKS) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore-RCB) को पांच विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने कप्तान फाफ डू प्लेसी (88) की बदौलत 205/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। स्कोर का पीछा करते हुए पंजाब ने बल्लेबाजों के मिले-जुले योगदान की बदौलत मैच जीत लिया।


RCB ने 50 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया था। दूसरा विकेट 168 के स्कोर पर डू प्लेसी (88) के रूप में गिरा। दिनेश कार्तिक ने अंत में 14 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए और टीम ने 205/2 का स्कोर बनाया। स्कोर का पीछा करते हुए पंजाब को मयंक अग्रवाल (32) और शिखर धवन (43) ने दमदार शुरुआत दिलाई। भानुका राजपक्षे (22 गेंद 43 रन) ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की। ओडियन ने आठ गेंदों में 25* रन बनाए।

यह चौथा मौका है जब पंजाब ने 200 से अधिक रनों के लक्ष्य को हासिल किया है। चेन्नई सुपर किंग्स (3) को पछाड़ते हुए वे सबसे अधिक बार ऐसा करने वाली टीम बन गए हैं।

RCB के कप्तान फाफ डू प्लेसी ने 57 गेंदों में 88 रनों की पारी खेली जिसमें सात छक्के और तीन चौके शामिल रहे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने IPL में 3,000 रन भी पूरे किए हैं। वह संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज 3,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने हैं। 94वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल करके डू प्लेसी ने डेविड वॉर्नर की बराबरी की है। क्रिस गेल (75 पारी) ने सबसे तेज 3,000 रन बनाए हैं।

कोहली ने क्रीज पर उतरते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह IPL में 200 पारियों में बल्लेबाजी करने वाले केवल तीसरे बल्लेबाज बने हैं। अपने इस बड़े मुकाबले में कोहली ने 29 गेंदों में नाबाद 41 रनों की पारी खेली। कोहली की पारी में एक चौका और दो छक्के शामिल रहे। 200 या उससे अधिक पारियां खेलने वाली लिस्ट में कोहली से पहले रोहित शर्मा और सुरेश रैना का नाम दर्ज है।

RCB के गेंदबाजों ने 21 वाइड समेत कुल 44 अतिरिक्त रन दिए। यह एक IPL मैच में किसी टीम द्वारा दिए गए सबसे अधिक अतिरिक्त रन हो गए हैं। मोहम्मद सिराज ने अकेले 14 वाइड गेंदें फेंकी। इससे पहले एक मैच में सबसे अधिक अतिरिक्त रन 38 थे। 2008 में डेक्कन चार्जर्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ और 2010 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 38-38 अतिरिक्त रन दिए थे।

Share:

Next Post

इस्पात उत्पादन 2030 तक 30 करोड़ टन पहुंचाने की रणनीति हो तैयार

Mon Mar 28 , 2022
नई दिल्ली। केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह (Union Steel Minister Ramchandra Prasad Singh) ने रविवार को कहा कि देश में 2030 तक 30 करोड़ टन और 2047 तक 50 करोड़ टन इस्पात उत्पादन के लक्ष्य (Steel production target of 500 million tonnes by 2047) तक पहुंचने के लिए रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है। […]