
श्रीनगर । पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती (PDP President Mehbooba Mufti) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई (Iran’s Supreme Leader Ayatollah Ali Khamenei) के जनाजे में शामिल होंगी (Will attend the Funeral) । वह वहां जाकर दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और ईरान की जनता के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगी।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महबूबा मुफ्ती को ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग की ओर से औपचारिक निमंत्रण भेजा गया है। निमंत्रण पत्र में कहा गया है कि 28 फरवरी 2026 को अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर ईरान में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई का आयोजन किया जा रहा है। निमंत्रण में महबूबा मुफ्ती को भारत की एक विशिष्ट राजनीतिक हस्ती के रूप में समारोह में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि उनकी उपस्थिति भारत और ईरान के बीच ऐतिहासिक मित्रता, आपसी सम्मान और दोनों प्राचीन सभ्यताओं के गहरे संबंधों का प्रतीक होगी। कार्यक्रम के अनुसार, 3 जुलाई को तेहरान स्थित इमाम खोमैनी ग्रैंड मुसल्ला परिसर में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। 4 जुलाई को समिट कॉन्फ्रेंस हॉल में स्मृति सभा होगी, जबकि 6 जुलाई 2026 को तेहरान में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
पीडीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि महबूबा मुफ्ती ईरान की यात्रा के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी तथा ईरान के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करेंगी। बता दें कि ईरान पर हुए अमेरिकी-इजरायली हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत हो गई थी, जिसके बाद उनके शव को सुरक्षित रखा गया है। अब उन्हें सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। उनकी अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए दुनियाभर के कई नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved