
नई दिल्ली। हवा में उड़ रहा विमान (Plane) अचानक नीचे की ओर झटका खाने लगा और कुछ सेकंड के लिए यात्रियों को ऐसा महसूस हुआ जैसे फ्लाइट फ्री फॉल कर रही हो। इस्तांबुल से ट्यूनीशिया (Istanbul to Tunisia) जा रही टर्किश एयरलाइंस (Turkish Airlines) की फ्लाइट में लैंडिंग से ठीक पहले यह खौफनाक स्थिति बनी। विमान ट्यूनिस-कार्थेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तेज तूफान और खतरनाक टर्बुलेंस के कारण पायलट को बार-बार लैंडिंग का प्रयास करना पड़ा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
यह घटना 10 सितंबर की बताई जा रही है। फ्लाइट में अपनी मां के साथ सफर कर रहीं यात्री मरीना मैस्काया ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में यात्री अपनी सीटों को कसकर पकड़े दिखाई दे रहे हैं। विमान के जोरदार झटकों के बीच केबिन में चीखने की आवाजें सुनाई देती हैं।
तीसरी कोशिश में बढ़ा डर
मरीना मैस्काया के अनुसार उड़ान के दौरान सब कुछ सामान्य था। परेशानी तब शुरू हुई जब विमान ट्यूनिस-कार्थेज एयरपोर्ट के करीब पहुंचा और पायलट ने खराब मौसम के बीच लैंडिंग की कोशिश की।
उनके मुताबिक पायलट ने एयरपोर्ट पर उतरने के लिए तीन बार प्रयास किया। हर बार तेज टर्बुलेंस के कारण विमान बुरी तरह हिलता रहा। तीसरी कोशिश के दौरान स्थिति और ज्यादा भयावह हो गई। यात्रियों को लगा कि विमान अचानक नीचे की ओर गिर रहा है। इसी दौरान केबिन में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
वीडियो में भी यात्रियों को अपनी सीटों को मजबूती से पकड़े हुए देखा जा सकता है। कुछ यात्रियों की बातचीत से अंदाजा लगता है कि विमान कुछ सेकंड के लिए तेजी से नीचे गया, जिससे उन्हें फ्री फॉल जैसा अनुभव हुआ।
Passengers screamed in terror as severe turbulence rocked a Turkish Airlines flight during its descent into Tunisia. https://t.co/UpXHgXTQPF pic.twitter.com/uAExJabtnn
— New York Post (@nypost) September 13, 2026
खराब मौसम के बीच हवा में चक्कर लगाता रहा विमान
ट्यूनिस-कार्थेज एयरपोर्ट पर मौसम लगातार खराब बना हुआ था। लैंडिंग की कोशिशों के बीच विमान को कुछ समय इलाके के ऊपर चक्कर भी लगाना पड़ा। जब मौसम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी, तो विमान को दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया।
60 मील दूर एयरपोर्ट पर मिली सुरक्षित जगह
आखिरकार फ्लाइट को ट्यूनिस से करीब 60 मील दक्षिण में स्थित एनफिधा-हम्मामेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। वहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, तेज टर्बुलेंस, तूफानी मौसम और लगातार तीन बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम होने से विमान में सवार यात्रियों के लिए यह सफर बेहद डरावना बन गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैद यात्रियों की प्रतिक्रिया से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लैंडिंग के दौरान विमान के झटकों ने उन्हें किस कदर डरा दिया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved