भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मंडला जिले के बहरमुंडा गांव में पुलिस की नक्सलियों से मुठभेड़

  • रात का फायदा उठाकर भाग निकले नक्सली, विस्तार दलम के थे एक दर्जन नक्सली

भोपाल। मंडला जिले नक्सली हलचल जंगलों में देखने को लगातार मिल रही है। बुधवार रात मवई थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ के दौरान नक्सली रात का फायदा उठाते हुए भाग गए। जिससे पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका। कुछ नक्सली साहित्य और राशन पानी का सामान ही मिला है। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि नक्सली मवई थाना क्षेत्र के बहरमुंडा गांव से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर हमने पहले से ही एंबुश लगा रखा था। पुलिस कर्मी और हॉकफोर्स के जवान घात लगाए बैठे हुए थे। रात में साढ़े 10 बजे के लगभग जैसे ही कुछ हलचल हुई, पुलिस ने उन्हें ललकारा, नक्सलियों को जैसे ही लगा कि उनके आसपास पुलिस की मौजूदगी है, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। इसके बाद फायरिंग थम गई। पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाया तो नक्सलियों द्वारा छोड़े गए नक्सली पर्चे, राशन की सामग्री आटा, चावल, दाल, तेल का डिब्बा मिला है। वहीं पुलिस को करीब आधा दर्जन खोखे भी बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों ओर से 50-50 राउंड फायरिंग हुई है।

पुलिस कर रही सर्चिंग
विस्तार दलम के सदस्य छग,बालाघाट, कान्हा,मोतीनाला, मवई, डिंडौरी कारीडोर का इस्तेमाल करते हैं। बहरमुंडा गांव की ओर से जब नक्सली गुजर रहे थे। इनकी संख्या 12 थी तब पुलिस से उनका सामना हो गया। पुलिस नक्सलियों की तलाश कर रही है।

इनका कहना
नक्सलियों से बुधवार रात मुठभेड़ हुई है। दोनों ओर से फायरिंग हुई है। रात का फायदा उठाते हुए नक्सली भाग निकले। उनकी तलाश की जा रही है।
यशपाल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक मंडला

Share:

Next Post

जमीन के भाव पांच से 10 फीसदी बढ़ाने की तैयारी

Fri Jan 29 , 2021
उप जिला मूल्यांकन समिति की बैठक कल भोपाल। प्रदेश सरकार ने कोरोना काल में मंदी की मार झेल रहे रियल स्टेट कारोबार को उबारने के लिए भोपाल सहित प्रदेशभर के शहरी क्षेत्रों की संपत्तियों (जमीन, मकान, प्लॉट व फ्लैट) की रजिस्ट्रियों पर 2 प्रतिशत नगरीय निकाय शुल्क की छूट दी थी। इससे राज्य सरकार को […]