
लखनऊ। भाजपा द्वारा एक इंस्पेक्टर की हत्या के कथित आरोपित को बुलंदशहर का पदाधिकारी बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधी को पार्टी में इस तरह का सम्मान मिलेगा तो यकीनन इससे हमारे पुलिस अधिकारियों का मनोबल गिरेगा।
अखिलेश यादव ने रविवार को सुबह एक समाचार पत्र की कटिंग लगाते हुए ट्वीट किया कि बुलंदशहर में शहीद इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी को भाजपा द्वारा अपने संगठन में ‘पीएम जनकल्याण योजना अभियान’ का महामंत्री बनाना, आरोपियों को सत्ता का संरक्षण देना है। यदि ऐसे अपराधी को इस तरह का सम्मान मिलेगा तो यक़ीनन इससे हमारे पुलिस अधिकारियों का मनोबल गिरेगा।
यह बता दें कि भाजपा ने बुलंदशहर में शिखर अग्रवाल को पीएम जनकल्याण योजना अभियान का महामंत्री बनाया है। 2018 में इंस्पेक्टर सुबोध को घेरकर गोली मार दी गयी थी। उस मामले में शिखर आरोपित हैं और अभी जेल से जमानत पर रिहा होकर आए हैं। इसके बाद भाजपा ने उन्हें पद दे दिया। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved