
भोपाल। भोपाल में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की हाई-प्रोफाइल कोर कमेटी की बैटक में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। संगठन की इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी के बीच नरोत्तम मिश्रा के शामिल नहीं होने पर जब सवाल उठे तो पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देब को सामने आकर बयान देना पड़ा।
नरोत्तम मिश्रा की गैरमौजूदगी पर बीजेपी की प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्हें बैठक के लिए बकायदा आमंत्रित किया गया था लेकिन उस समय वे भोपाल में मौजूद नहीं थे, जिसके चलते वे शामिल नहीं हो सके। रेखा वर्मा ने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी एक अन्य पूर्व निर्धारित बैठक की वजह से थोड़ा लेट पहुंचे थे। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की तरह राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक एकजुट होकर काम करती है।
वहीं बीजेपी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने नरोत्तम मिश्रा के मीटिंग में शामिल नहीं होने पर कहा कि मेरी नरोत्तम मिश्रा से बात हुई है, सब कुछ सामान्य है। जब इतना बड़ा परिवार होता है, तो थोड़ी-बहुत बातचीत होती रहती है, लोकतंत्र यही है। लेकिन ऐसी-वैसी बातें जनता के बीच नहीं आनी चाहिए। मुझे पूरी आशा है कि वह सकारात्मक रहेंगे। उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि मध्य प्रदेश बीजेपी में समन्वय की कोई कमी नहीं है और पार्टी सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए काम कर रही है।
बैठक और संगठन मंथन के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह-प्रभारी रेखा वर्मा मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया और संगठन को लेकर औपचारिक चर्चा हुई। इस दौरान बिप्लब देब ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मन से कुछ नहीं करते और सिर्फ अपने परिवार के लिए जीते हैं। देश की खराब स्थिति के लिए नेहरू-गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बीजेपी पर उंगली उठाने के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved