भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

प्रियंका गांधी पांच अक्टूबर को मोहनखेड़ा आएंगी

  • धार जिले में रैली कर आदिवासी वोटों को साधेंगी

भोपाल। कांग्रेस ने प्रदेश में अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। इसे और धार देने के लिए पांच अक्टूबर को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी धार जिले के मोहनखेड़ा आएंगी। वे यहां पर बड़ी रैली को संबोधित कर आदिवासी वोटरों को साधेंगी। प्रियंका गांधी का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 12 जून को जबलपुर में रैली को संबोधित कर चुनाव का शंखनाद किया था। इसके बाद प्रियंका ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में 21 जुलाई को जनसभा की थी। अब प्रियंका गांधी जैन तीर्थ स्थल मोहनखेड़ा में रैली को संबोधित करेंगी। धार जिले में आने वाला मोहनखेड़ा धार और झाबुआ जिले के बीच में स्थित है। ये दोनों जिले आदिवासी बहुल हैं। प्रियंका गांधी यहां से रैली कर आदिवासी वोटरों को रिझाएंगी।
मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटरों को बिना कोई भी दल सरकार नहीं बना सकता। प्रदेश की 230 सीटों में से 47 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वहीं, करीब 84 सीटों पर आदिवासी समाज का सीधा प्रभाव है। 2018 के चुनाव में आदिवासी वोटरों के छींटने के चलते ही भाजपा की सरकार सत्ता से चली गई। इस वर्ष 47 में से 30 सीटें कांग्रेस ने जीती और 16 सीटें भाजपा के खाते में गई। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते। जबकि 2013 में भाजपा ने 31 सीटें जीती थी। आदिवासी वोटरों के चलते ही कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई थी।


आज लोकसभा प्रभारियों के साथ बैठक
विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ के आवास पर मंगलवार को लोकसभा प्रभारियों की बैठक बुलाई गई। इसमें पीसीसी चीफ लोक सभा प्रभारियों से क्षेत्र का फीडबैक लेने के साथ ही आगामी चुनाव की रणनीति बताएंगे। दरअसल, कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरा जोर लगा रही है। इस बार सिर्फ जिताऊ उम्मीदवार पर दांव लगा कर एकजुटता के साथ चुनाव लडऩे की योजना पर कांग्रेस चल रही है।

जनआक्रोश यात्रा का रोडमैप हो रहा तैयार
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस भी जन आक्रोश यात्रा निकालने जा रही है। हालांकि, अभी इसकी तारीखों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस नेता तारीख को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। यात्रा 16 से 20 सितंबर के बीच निकालने की चर्चा है। इसमें कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, घोटालों और 15 माह की सरकार के दौरान किए गए कामों के साथ ही कमलनाथ की गारंटियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Share:

Next Post

अतिथि विद्वानों को मिलेगा 50 हजार वेतन, PSC में 25 फीसदी आरक्षण

Tue Sep 12 , 2023
सीएम आवास में आयोजित महापंचायत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की कई घोषणाएं अतिथि प्रवक्ता को भी 20 हजार रुपए मानदेय दिया जाएगा भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को अपने आवास पर अतिथि विद्वानों की पंचायत बुलाई। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अतिथि विद्वानों के हित में कई नई घोषणाएं कीं। […]