
डेस्क। भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने अमेरिका में आयोजित ‘सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज’ शतरंज टूर्नामेंट जीतकर इतिहास रच दिया है। वे शुरुआत से ही टूर्नामेंट में सबसे आगे चल रहे थे। ब्लिट्ज राउंड के सेकंड-लास्ट मैच में उन्होंने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के साथ मैच ड्रॉ खेला, जिससे आखिरी मैच से पहले ही उनका चैंपियन बनना तय हो गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 35 में से सबसे ज्यादा 23.5 पॉइंट हासिल किए और अपने करियर की पहली ग्रैंड चेस टूर ट्रॉफी अपने नाम की। इस शानदार जीत के साथ उन्हें लगभग 48 लाख रुपये ($50,000) का इनाम और 13 अहम टूर्नामेंट पॉइंट्स मिले हैं।
प्रज्ञानानंदा पूरे पांच दिनों के इस टूर्नामेंट में लगातार पहले स्थान पर बने रहे। उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी सिंदारोव ने उन्हें आखिरी दिन तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर ने अपनी बढ़त हाथ से जाने नहीं दी। ब्लिट्ज राउंड के आखिरी 9 मैचों में उन्होंने 3 मैच जीते, 5 मैच ड्रॉ खेले और सिर्फ 1 मैच में हार का सामना किया। उन्होंने न केवल मुख्य ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि रैपिड और ब्लिट्ज दोनों ही कैटेगरी में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए। जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने कहा कि स्कोर बोर्ड देखकर लगता है कि यह जीत बहुत आसान थी, लेकिन असल में ऐसा नहीं था। सिंदारोव ने मुझे अंत तक बहुत कड़ी चुनौती दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved