भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

धमकी के बाद दूर से होंगे राहुल के दीदार

  • बढ़ेगी सुरक्षा, निमाड़ में परोसा जाएगा निमाड़ी भोजन

भोपाल। राहुल गांधी को यदि सुरक्षा की कड़ी के बीच में किसी से मिलना होगा तो वे स्वयं उसके पास चले जाएंगे या अपने पास बुला लेंगे। सुरक्षा में सीआरपीएफ, प्रदेश पुलिस के साथ ही जिला पुलिस बल के जवान और अधिकारी तीन स्तरों पर तैनात किए जाएंगे। वहीं, भारत जोड़ो यात्रा के प्रमुख 117 यात्री जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चल रहे हैं। वे भी आंतरिक सुरक्षा घेरा बनाकर राहुल के चारों ओर चलेंगे। इधर, पुलिस नुक्कड़ सभा में आम सभा की तरह सुरक्षा के लिए मंच के आगे डी यानी सुरक्षा दायरा बनाएगी। गौरतलब है, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा आज से ठीक तीसरे दिन 23 नवंबर को प्रदेश की सीमा में बुरहानपुर जिले के बोदरली से प्रवेश करेगी। गांधी की 23 नवंबर की शाम को बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर और 24 नवंबर को छैगांवमाखन तथा 25 नवंबर को सनावद में नुक्कड़ सभाएं हैं। वहीं, 24 नवंबर को ही सुबह 11 बजे गांधी टंट्या मामा की जन्मस्थली बड़ौदा अहीर में भी आमसभा करेंगे।

ये है राहुल गांधी के दिन भर का शेड्यूल…
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सुबह 4.30 से लेकर रात 10 बजे तक की दिनचार्य टाइम-टू-टाइम चलती है। गांधी अपने कंटेनर कम हाउस में ही रात गुजारते हैं। यात्रा के खंडवा जिला संयोजक अवधेश सिंह सिसोदिया ने बताया, गांधी सुबह 4.30 बजे उठकर योगा करते हैं। सुबह 5.30 बजे तैयार सेवादल के सदस्यों के साथ झंडा वंदन करते हैं। सुबह 6 बजे यात्रा शुरू होती है। यात्रा का दिन का पहला पड़ाव लगभग 13 से 15 किमी पैदल चलने के बाद सुबह 10.30 बजे होता है। यहां से लंच पॉइंट पर भारत जोड़ो यात्रियों के साथ गांधी भोजन करते हैं। लगभग एक घंटा आगे की यात्रा और अन्य कार्यक्रमों पर स्थानीय समन्वयक एवं प्रदेश के नेताओं से चर्चा करते हैं। इसके बाद यदि आगे कोई कार्यक्रम तय होता है तो वे जाते हैं। अन्यथा अपने कंटेनर में आराम करते हैं। दिन के दूसरे पड़ाव की यात्रा शाम 4 बजे तय स्थान से शुरू होती है। लगभग 10 किमी चलने के बाद यात्रा का समापन शाम 7 बजे नुक्कड़ सभा के साथ होता है। सभा स्थल से गांधी एवं सह-यात्री वाहनों से रात्रि विश्राम स्थल पहुंचते हैं। जहां पर सह-यात्रियों के साथ भोजन के बाद राहुल गांधी रात 10 बजे अपने कंटेनर में आराम के लिए चले जाते हैं।

राहुल गांधी को परोसा जाएगा निमाड़ी भोजन…
राहुल गांधी सहित उनके साथ चल रहे भारत जोड़ो यात्रा के 117 यात्रियों एवं स्टेट गेस्ट का भोजन उनके साथ ही चल रही टीम बनाती है। टीम द्वारा तैयार भोजन को सुरक्षाकर्मी पहले चखते हैं। इसके बाद ही भोजन राहुल और उनके साथ के यात्रियों को परोसा जाता है। यात्रा के जिला सह-संयोजक विकास व्यास ने बताया, निमाड़ी संस्कृति के अवगत कराने के लिए गांधी के सामने अमाड़ी की भाजी और ज्वार की रोटी परोसी जाएगा। निमाड़ के प्रसिद्ध भोजन को पकाने की कला भी स्थानीय लोग ही जानते हैं। गांधी के साथ चल रही भोजन की टीम से समन्वय बनाकर अमाड़ी की भाजी और ज्वार की रोटी तैयार कराई जाएगी।

सुरक्षा में तैनात रहेगी स्पेशल फोर्स
भारत जोड़ो यात्रा जिला समन्वयक अवधेश सिंह सिसोदिया ने बताया कि इंदौर में मिली धमकी के बाद एसपी खंडवा ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर चर्चा की है। छैगांवमाखन में नुक्कड़ सभा में भी सुरक्षा के लिहाज से मंच के सामने डी बनाए जाने की एसपी ने चर्चा की। गांधी की सुरक्षा टीम डी बनाए जाने को लेकर अंतिम निर्णय लेगी। वहीं खंडवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा सहित राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए अलग-अलग प्लान बनाया है। इसमें यात्रा के दौरान उनके आसपास, रूकने की जगह और नुक्कड़ सभा के लिए पुलिस बाहर से बुलाया है। नुक्कड़ सभा में डी के लिए गांधी की सुरक्षा टीम के साथ चर्चा कर तैयारी होगी। राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए तीन सुरक्षा घेरे बनाए जाएंगे। स्थानीय बल के साथ ही बाहर से आया बल, सीआरपीएफ और स्पेशल फोर्स तैनात किए जाएंगे।

Share:

Next Post

मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री का आह्वान

Tue Nov 22 , 2022
जनजातीय क्षेत्रों में समाज विरोधियों को भाजयुमो देंं जवाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजयुमो नए युवाओं को जोडऩे का काम करेगा भोपाल। हमारी सरकारों ने हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं और इन योजनाओं से सभी का दिल जीता है। युवा मोर्चा कार्यकर्ता इन योजनाओं को घर-घर तक ले जाएं और इनसे […]