रांची। झारखंड में लगातार हो रही बारिश (Rain) के बीच कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। लंबे समय तक बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए रेलवे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ रहा है। रांची के ग्रामीण इलाके जोन्हा (Jonha) से सामने आई तस्वीरों में बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन चार्ज करते नजर आए।
बिजली नहीं रहने से मोबाइल बंद होने की चिंता के बीच रेलवे स्टेशन ग्रामीणों के लिए फिलहाल चार्जिंग का आसान ठिकाना बन गए हैं। लोग अपने साथ चार्जर और इलेक्ट्रिक एक्सटेंशन बोर्ड लेकर स्टेशन पहुंच रहे हैं। स्टेशन पर मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
रांची में गुरुवार रात से ही बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित रही। तेज बारिश और हवा के कारण कई जगह पेड़ उखड़कर हाईटेंशन तारों पर गिर गए, जिससे तार टूटने के साथ बिजली का बुनियादी ढांचा भी क्षतिग्रस्त हुआ।
नामकुम क्षेत्र में स्थिति ज्यादा प्रभावित रही। यहां लाली, सिदराउल, रामपुर और पालंडू समेत चार प्रमुख फीडर लगातार तीसरे दिन भी बंद रहे। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण इलाकों में लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुईं।
झारखंड में बदले मौसम के पीछे बंगाल की खाड़ी में बना डीप लो प्रेशर सिस्टम बताया गया है। इसके प्रभाव से राज्य में पिछले कई घंटों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। रांची समेत कई जिलों में शनिवार को स्कूल भी बंद रखे गए।
गुरुवार सुबह आंध्र प्रदेश में दाखिल हुए बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती सिस्टम का असर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में देखने को मिला। बारिश के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई और कुछ क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 5:30 बजे मौसम प्रणाली दक्षिण ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों और उससे सटे छत्तीसगढ़ के नुआपाड़ा क्षेत्र के पास केंद्रित थी। यह टिटलागढ़ से करीब 90 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, भवानीपटना से 100 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम, कांकेर से 110 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और रायपुर से करीब 120 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित थी।
मौसम प्रणाली के प्रभाव से कुछ इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी। हालात को देखते हुए प्रशासन ने जोखिम वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की। लगातार बारिश और बिजली संकट के बीच रेलवे स्टेशन स्थानीय लोगों के लिए मोबाइल चार्ज करने का अस्थायी सहारा बन गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved