विदेश

मीकोलईव में दाखिल हुई रूसी फौज, यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र जपोरीजिया पर कब्जा


कीव । यूक्रेन (Ukraine) में अपने सैन्य अभियान को आगे बढ़ाते हुए रूसी सेना ( Russian army) ने यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र (Nuclear Plant) जपोरीजिया पर कब्जा कर लिया। हमले के दौरान हुई बमबारी से संयंत्र में आग लग गई जिससे पूरी दुनिया में सनसनी पैदा हो गई। आनन-फानन में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) और अन्य विशेषज्ञों ने रूस (Russia ) को खतरे से आगाह किया, तब यूक्रेनी अग्निशमन दल को आग बुझाने की अनुमति मिली। इससे पहले रूस ने यूक्रेन (Ukraine) के चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा किया है।

अमेरिका ने परमाणु संयंत्रों पर हमला कर मानव जाति को खतरे में डालने के लिए रूस पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया है। यूक्रेन को परमाणु हथियार न बनाने देने के रूस के एलान के परिप्रेक्ष्य में ही रूसी सेना के परमाणु संयंत्रों पर कब्जे के अभियान को देखा जा रहा है। खबर है कि रूसी सेना पांच लाख की आबादी वाले मीकोलईव शहर में प्रवेश कर गई है। मीकोलईव यूक्रेन के महानगरों में शुमार है और वहां पर पानी के जहाज बनते हैं। रूसी मीडिया का दावा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की देश छोड़कर पोलैंड चले गए हैं। लेकिन यूक्रेन सरकार ने इस दावे का खंडन किया है।



जपोरीजिया संयंत्र से जुड़े अधिकारियों ने बताया है कि आग ट्रेनिंग सेंटर में लगी थी जिसे मुख्य संयंत्र तक पहुंचने से पहले बुझा दिया गया। अगर आग रिएक्टरों तक पहुंच जाती तो यूक्रेन ही नहीं नजदीकी देशों में महाविनाश तय था। आग बुझने के बाद आइएईए ने चैन की सांस ली है और क्षेत्र में विकिरण को सामान्य स्तर पर करार दिया है। छह रिएक्टरों वाला यह यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र है जिससे छह हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है। इस संयंत्र से यूक्रेन की जरूरत की 20 प्रतिशत बिजली की आपूर्ति होती है। इससे पहले रूसी सेना ने यूक्रेनी सुरक्षा बलों को परास्त कर संयंत्र के प्रशासनिक भवन और नियंत्रण भवन पर कब्जा कर लिया था। यहां की लड़ाई में यूक्रेन के तीन सैनिक मारे गए।

रूस ने कहा है कि संयंत्र में आग यूक्रेन के कर्मियों ने लगाई थी जिसे बुझा लिया गया है। संयंत्र में कामकाज सामान्य तरीके से शुरू हो गया है। इसके अतिरिक्त यूक्रेन में तीन और परमाणु संयंत्र हैं जिनमें निश्चित सीमा तक यूरेनियम का संव‌र्द्धन कर बिजली का उत्पादन होता है।

उल्‍लेखनीय है कि इससे पहले रूसी सेना ने यूक्रेन के बंद पड़े चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा किया था। 1986 में इसके दुर्घटना का शिकार होने से तत्कालीन सोवियत देशों और यूरोप में भारी तबाही मची थी। इस संयंत्र में अभी भी रेडियोएक्टिव तत्वों का बड़ा भंडार मौजूद है। रूसी हवाई हमले में ओख्तिरकास का बिजलीघर तबाह होने की खबर है। रूसी सेना ने परमाणु संयंत्रों के अतिरिक्त बंदरगाह वाले शहरों पर भी कब्जे की कोशिश तेज कर दी है। इसी के तहत हाल में खेरसोन पर कब्जा किया गया है और मारीपोल पर भीषण हमले हो रहे हैं। इस बीच भीषण हमलों के साथ राजधानी कीव की ओर रूसी सेना का बढ़ना जारी है। दूसरे बड़े शहर खार्कीव और चार्निहीव में रूसी सेना के हमलों से तबाही जारी है। दोनों शहरों में बीते दो दिनों में 100 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। आठ दिन से जारी रूसी हमलों में यूक्रेन के हजारों लोग मारे गए और घायल हुए हैं।

वहीं, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने युद्ध के दौरान रूसी सेना के 9,166 लोगों को मारने का बड़ा दावा किया है। बताया जा रहा है कि 24 फरवरी से जारी इस युद्ध में अभी तक रूस के 939 हमला करने वाले सैन्य वाहन, हमले में योगदान देने वाले 404 अन्य वाहन, 251 टैंक, 105 तोपें, 60 ईंधन टैंकर, 50 राकेट लांचर, 33 लड़ाकू विमान, 37 अटैक हेलीकाप्टर, 18 एयर डिफेंस सिस्टम, तीन ड्रोन और दो स्पीड बोट नष्ट की गई हैं। इस प्रकार से यूक्रेन में रूस को सैन्य जान-माल का भारी नुकसान हुआ है।

रूसी मीडिया के अनुसार युद्धविराम की संभावना पर विचार के लिए शनिवार यानी कि आज रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच तीसरे दौर की वार्ता हो सकती है। दूसरे दौर की वार्ता गुरुवार को हुई थी और उसमें देसी-विदेशी नागरिकों को युद्धग्रस्त क्षेत्रों से निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता देने पर सहमति बनी थी। कुछ अन्य बिंदुओं पर दोनों देशों की समान चिंताएं पाई गई हैं। उन्हीं सहमति वाले बिंदुओं पर फैसला लेने के लिए तीसरे दौर की वार्ता होगी।

 

Share:

Next Post

Manipur में 22 विधानसभा सीटों पर आज डाले जाएंगे वोट, इन अहम लोगों के राजनीतिक जीवन का होगा फैसला

Sat Mar 5 , 2022
इंफाल। मणिपुर में विधानसभा चुनाव (Manipur Assembly Election) के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान 5 मार्च यानी कि आज होने हैं. छह जिलों की 22 विधानसभा सीटों पर मतदाता 92 उम्मीदवारों का भविष्य वोट डालकर तय करेंगे. मतदान (Voting) सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम चार बजे तक चलेगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश […]