
नई दिल्ली । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को (To Indian Prime Minister Narendra Modi) खास संदेश के साथ जन्मदिन की बधाई दी (Extended Birthday Greetings with Special Message) ।
इस संदेश में उन्होंने भारत-रूस की साझेदारी को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की और ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान मिले सम्मान के लिए आभार जताया। क्रेमलिन ने संदेश का कुछ हिस्सा साझा किया है। पीएम को सम्मानित शख्स बताते हुए लिखा, “आप (पीएम मोदी) अपने देशवासियों और वैश्विक स्तर पर बहुत अधिक सम्मानित शख्स हैं। भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को जितना भी सराहा जाए, कम है।”
प्रधानमंत्री 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने हाल ही में दिल्ली में हुई ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (12-13 सितंबर) के लिए भारत का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की थी। इसका जिक्र भी संदेश में है। भारत में मिली मेहमाननवाजी की प्रशंसा करते हुए आगे लिखा,” पिछले सप्ताह नई दिल्ली की मेरी यात्रा के दौरान मुझे और रूसी प्रतिनिधिमंडल को मिले गर्मजोशी भरे और स्नेहपूर्ण स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए मैं अपना आभार व्यक्त करना चाहता हूं।”
इसके साथ ही द्विपक्षीय वार्ता को ठोस और सार्थक करार देते हुए आगे कहा, “हमारी बातचीत निस्संदेह ठोस, स्पष्ट और सार्थक रही। हमेशा की तरह, आपसे बात करके बहुत खुशी हुई, और हमारी चर्चाओं ने एक बार फिर आपकी असाधारण राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को प्रदर्शित किया। हम निश्चित रूप से अपने मित्र देशों के लाभ के लिए महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर अपना रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे।” नरेंद्र मोदी भारत के सबसे ज्यादा समय तक लगातार सत्ता में रहने वाले प्रधानमंत्री हैं। यह पीएम के तौर पर उनका लगातार तीसरा कार्यकाल है। इससे पहले वह करीब 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। 2001 में गुजरात के सीएम बने थे और 2014 में पीएम बनने तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved