
इंदौर, विकाससिंह राठौर। महाराष्ट्र में ओल्ड मोंक और मैकडॉवेल्स रम के सैंपल फेल होने के बाद अब शराब की गड़बड़ी इंदौर तक पहुंच गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने इंदौर में संचालित तीन शराब निर्माण इकाइयों से लिए गए 6 नामी शराब ब्रांडों के नमूनों को जांच में फेल कर दिया है। एफएसएसएआई ने इन सभी उत्पादों को मिथ्याछाप (मिसब्रांडेड), भ्रामक (मिसलीडिंग) और मिलावटी (सब-स्टैंडर्ड) माना है। इस आधार पर संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन शराबों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एफएसएसएआई की टीम ने पिछले दिनों खंडवा रोड पर बड़वाह के पास खोड़ी गांव में एक ही परिसर में स्थित तीन कंपनियों की शराब निर्माण इकाई पर जांच करते हुए कुल 6 शराब ब्रांड्स के सैंपल लिए थे। इन्हें जांच के लिए मुंबई स्थित प्रयोगशाला भेजा गया था। हाल ही में इन सैंपलों की रिपोर्ट आई, जिसने सभी को चौंका दिया। लैब ने सभी सैंपलों को जांच में फेल कर दिया है। रिपोर्ट में पाया गया कि इन उत्पादों के लेबल पर एडेड नेचर आइडेंटिकल व्हिस्की/रम फ्लेवरिंग सब्सटेंस घोषित किया गया है, जबकि इन्हें व्हिस्की और रम के रूप में बेचा जा रहा था। एफएसएसएआई के अनुसार व्हिस्की और रम के लिए निर्धारित मानकों के तहत इनमें किसी भी तरह का फ्लेवर नहीं मिलाया जा सकता है। इनका विशिष्ट स्वाद और सुगंध मूल शराब से होना चाहिए, न कि अलग से मिलाए गए फ्लेवर से। इसी आधार पर इन उत्पादों को निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं माना गया।
देश की सबसे बड़ी कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले एफएसएसएआई ने महाराष्ट्र के रायगढ़ के खपोली से ओल्ड मोंक रम और बारामती से मैकडॉवेल्स रम का सैंपल लिया था। ये दोनों भी जांच में इन्हीं कमियों के आधार पर फेल कर दिए गए थे, जिसके बाद से उक्त इकाइयों से इन ब्रांड्स की बिक्री पर रोक लगाई गई है। वहीं देश में पहली बार इंदौर से 6 अलग-अलग शराब ब्रांड्स के सैंपल लिए गए थे, जो सभी फेल हुए हैं। इस तरह यह देश की सबसे बड़ी कार्रवाई बन गई है। अब एफएसएसएआई इंदौर में भी महाराष्ट्र की ही तरह इन ब्रांड्स की भी बिक्री पर रोक लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
क्या आया जांच में
एफएसएसएआई का कहना है कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडड्र्स (अल्कोहलिक बेवरेजेज) रेगुलेशंस, 2018 के नियम 2.8 के तहत यदि किसी उत्पाद को व्हिस्की या रम कहा जाता है तो व्हिस्की और रम का विशिष्ट स्वाद और सुगंध उसी उत्पाद की प्राकृतिक विशेषताओं के अनुरूप होना चाहिए। ऐसे में अलग से फ्लेवर मिलाने की घोषणा संबंधित मानकों के अनुरूप नहीं मानी गई। ऐसे में लेबल पर एडेड नेचर आइडेंटिकल व्हिस्की/रम फ्लेवरिंग सब्सटेंस घोषित किया जाना संबंधित मानकों के विपरीत माना गया है। इसी आधार पर एफएसएसएआई ने इन सैंपलों को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडड्र्स एक्ट, 2006 की धारा 3(1)(जेडएक्स) के तहत सब-स्टैंडर्ड माना है। साथ ही लेबल पर किए गए दावे को नियमों के विपरीत बताते हुए उत्पादों को मिसलीडिंग भी माना गया है। इसलिए ये उत्पाद फूड सेफ्टी एंड स्टैंडड्र्स (अल्कोहलिक बेवरेजेज) रेगुलेशंस, 2018 के प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाए गए।
कंपनियों को जवाब के साथ रैफरल लैब में जांच का भी विकल्प
एफएसएसएआई द्वारा उक्त शराब निर्माता कंपनियों को जो नोटिस जारी किए जा रहे हैं, उनमें उनसे 7 दिन में जवाब दिए जाने के साथ ही उन्हें नियमानुसार जांच रिपोर्ट से संतुष्ट न होने पर रैफरल लैब में भी जांच करवाने का मौका दिया जा रहा है। इसके लिए अलग से कंपनी को पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। कंपनियां रैफरल लैब में अपने सैंपलों की दोबारा जांच करवा सकती हैं। यहां से भी सैंपल पास होने पर कंपनियों को राहत मिल सकती है, लेकिन यहां भी फेल होने पर सुप्रीम कोर्ट तक इस रिपोर्ट को मान्य करती है और राहत की कोई उम्मीद नहीं रहती है।
फ्लेवर वाली शराब… ग्राहकों के साथ धोखा
अधिकारियों ने बताया कि इसे ग्राहकों को गलत जानकारी देने वाला भी माना गया है, क्योंकि कंपनी उत्पाद की ब्रांडिंग रम या व्हिस्की के रूप में कर रही है, जबकि उसमें मूल रम या व्हिस्की के बजाय सिर्फ उसका फ्लेवर है। नियमानुसार अगर आप बॉटल पर रम या व्हिस्की लिखकर उसे बेच रहे हैं तो यह ग्राहकों से सीधा धोखा है।
यूनाइटेड स्पिरिट्स इंदौर में दूसरी कंपनी से बनवाती है मैकडॉवेल्स रम
देश की सबसे बड़ी शराब निर्माता कंपनियों में शुमार यूनाइटेड स्पिरिट्स की देश की प्रमुख निर्माण और बॉटलिंग इकाई महाराष्ट्र के बारामती में है, जहां से कुछ समय पहले एफएसएसएआई ने मैकडॉवेल्स रम के सैंपल लिए थे, जो जांच में फेल हुए थे। इंदौर में भी मैकडॉवेल्स रम के सैंपल फेल हुए हैं, लेकिन यहां यूनाइटेड स्पिरिट्स की निर्माण इकाई होने के बाद भी इस ब्रांड का निर्माण कंपनी एसोसिएटेड अल्कोहल्स एंड ब्रूअरीज लिमिटेड से करवाती है। इसी तरह अन्य ब्रांड्स भी अपनी कुछ शराब दूसरी कंपनियों से बनवाते हैं।
इन तीन कंपनियों के 6 शराब ब्रांड के सैंपल हुए फेल
यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड –
एंटिक्विटी ब्लू व्हिस्की
रॉयल चैलेंज व्हिस्की
एसोसिएटेड अल्कोहल्स
सेंट्रल प्रोविंस सुपीरियर ग्रेन व्हिस्की
मैकडॉवेल्स नं. 1 ङ्गङ्गङ्ग रम
इनब्रू बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड
बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की
ओल्ड कास्क डीलक्स ङ्गङ्गङ्ग रम
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved