
सीहोर। सीहोर जिला मुख्यालय (Sehore District Headquarters) सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में रेत का अवैध परिवहन थमने का नाम नहीं ले रहा है। इछावर, बिलकिसगंज और ब्रिजिशनगर क्षेत्र में बिना रॉयल्टी के रेत से भरे डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़कों पर बेखौफ होकर दौड़ रहे हैं। इन अवैध वाहनों से जहां सरकार को रोजाना लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं जिम्मेदार माइनिंग विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मौन साधे बैठा है।
हाईवे पर लगी रहती है लंबी कतार
अवैध रेत परिवहन के साथ-साथ इन वाहनों की बेतरतीब पार्किंग भी आम जनता के लिए मुसीबत बन गई है। इछावर स्थित अमृत पार्क के पास मुख्य हाईवे के दोनों तरफ रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें हर वक्त खड़ी रहती हैं। मुख्य सड़क के किनारे इस तरह भारी वाहनों के खड़े रहने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे हर पल किसी बड़े सड़क हादसे का डर बना रहता है।
बिलकिसगंज से ब्रिजिशनगर तक धड़ल्ले से हो रहा अवैध परिवहन
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में रेत माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि बिलकिसगंज और ब्रिजिशनगर से लेकर इछावर की सड़कों तक दिन-रात बिना रॉयल्टी वाले वाहन फर्राटा भर रहे हैं। तेज रफ्तार से दौड़ते इन ओवरलोड डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों का सड़कों पर चलना दूभर हो गया है।
पुलिस-खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि हाईवे पर खड़े इन बेतरतीब वाहनों और बिना रॉयल्टी के दौड़ रहे डंपरों पर न तो माइनिंग विभाग कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही पुलिस विभाग की ओर से चालानी या जब्ती की मुहिम चलाई जा रही है। जिम्मेदारों की इस चुप्पी को लेकर क्षेत्र के नागरिकों में भारी आक्रोश है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि अवैध रेत परिवहन और हाईवे पर अतिक्रमण करने वाले इन वाहनों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved