मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के कई सांसदों के पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच सांसद संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त की कोशिश की जा रही है।
संजय राउत ने सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट कर कहा कि कुछ सांसदों को पाला बदलने के लिए कथित तौर पर 15-15 करोड़ रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “अब तो अपना सपना मनी-मनी हो गया है।” राउत ने अपने पोस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी टैग किया।
इसी बीच, एकनाथ शिंदे के मुंबई से दिल्ली रवाना होने से अटकलों का दौर और तेज हो गया है। जानकारी के अनुसार, परभणी से सांसद संजय जाधव और यवतमाल-वाशिम से सांसद संजय देशमुख पहले ही चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंच चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार शाम एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हो सकती है, जिसमें सांसदों के साथ शिंदे गुट के प्रमुख नेता शामिल रहेंगे। बैठक के बाद लोकसभा अध्यक्ष से भी मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि असंतुष्ट सांसद पहले अलग संसदीय समूह बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसके बाद उनके शिंदे गुट में विलय की संभावनाओं पर चर्चा हो सकती है। महाराष्ट्र की राजनीति में इस संभावित घटनाक्रम को ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बढ़ती नाराजगी को देखते हुए उद्धव ठाकरे ने हाल ही में सभी सांसदों को मातोश्री बुलाकर बातचीत करने की कोशिश की थी। हालांकि बैठक में केवल चार सांसदों की मौजूदगी ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में शिवसेना (यूबीटी) की अंदरूनी राजनीति महाराष्ट्र के सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved