img-fluid

सेवा कभी बेकार नहीं जाती, समाज आशीर्वाद के जरिए उसका कर्ज चुकाता है – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

September 08, 2026


नवसारी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि सेवा कभी बेकार नहीं जाती (Service never goes Waste), समाज आशीर्वाद के जरिए उसका कर्ज चुकाता है (Society repays debt through Blessings) ।


  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के नवसारी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे लिए ‘आराम हराम है’ सिर्फ एक नारा नहीं है बल्कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करता है और लोगों की सेवा के लिए हरसंभव प्रयास करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने नवसारी के प्रति अपना लगाव भी साझा किया। उन्होंने कहा कि एक बार फिर नवसारी आने का मौका मिला है और इससे उन्हें बेहद खुशी हो रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलना उनके लिए हमेशा खास होता है। कार्यकर्ताओं से मिलने और उनसे बातचीत करने का अवसर उत्साह से भर देता है। यह सौभाग्य है कि हमारे पास समर्पित कार्यकर्ताओं की ऐसी फौज है, जो दिन-रात एक ही उद्देश्य के साथ काम करती है। भारत माता की जय के उद्घोष के साथ उनका एकमात्र सपना 140 करोड़ देशवासियों का कल्याण है और इसके लिए उन्होंने सेवा का रास्ता चुना है। पीएम मोदी ने कहा कि “सत्ता सेवा के लिए है, संगठन सेवा के लिए है, पद सेवा के लिए है, प्रतिष्ठा सेवा के लिए है और पूरी व्यवस्था सेवा के लिए है।

    पीएम मोदी ने लोगों की भलाई के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। सुकन्या समृद्धि योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया, तब वह भीषण गर्मी में गांवों का दौरा करते थे। उस समय गांवों में 24 घंटे बिजली की सुविधा नहीं थी और सीलिंग फैन भी लगभग न के बराबर थे। वह गांवों में जाकर बेटियों की शिक्षा के लिए लोगों को जागरूक करते थे। छोटी बच्चियों का हाथ पकड़कर उन्हें स्कूल ले जाते और उनके माता-पिता को उन्हें पढ़ाने के लिए प्रेरित करते थे। पीएम मोदी ने कहा कि उस समय उन्हें इस बात की खुशी होती थी कि यह उनकी जिम्मेदारी है और वह उसे निभा रहे हैं। यह जमीनी स्तर पर किया जाने वाला ऐसा साधारण काम था, जो न तो अखबारों में सुर्खियां बनता था और न ही टेलीविजन पर दिखाई देता था। मीडिया का भी इस पर ज्यादा ध्यान नहीं जाता था। इसके बावजूद पूरी लगन और विश्वास के साथ यह काम साल-दर-साल जारी रहा।

    प्रधानमंत्री मोदी ने रेहड़ी-पटरी और हाथ- ठेला चलाने वाले लोगों की आर्थिक परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे लोगों को कारोबार शुरू करने के लिए साहूकारों से ब्याज पर पैसे लेने पड़ते थे। कई बार कोई व्यक्ति 1,000 रुपए का कर्ज मांगता था लेकिन साहूकार उसे केवल 900 रुपये देता था। इसके बाद दिनभर सामान बेचने के बाद उसे ब्याज समेत रकम लौटानी पड़ती थी। इस तरह ब्याज के बोझ तले रेहड़ी-पटरी वाले और छोटे दुकानदार दबे रहते थे और उनके पास परिवार चलाने के लिए भी पर्याप्त पैसा नहीं बचता था। हमने तय किया कि भाई, इनकी ईमानदारी पर शक मत करो। बिना किसी गिरवी या गारंटी के इन लोगों के लिए बैंक खाते खोलने, सीधे बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने और डिजिटल भुगतान की सुविधा देने की व्यवस्था बनाई गई। आज लाखों रेहड़ी-पटरी और हाथ-ठेला चलाने वाले ऐसे हैं, जिन्होंने शुरुआती ऋण को समय पर चुकाया है। इसी वजह से उन्हें आगे 30,000 रुपए और फिर 50,000 रुपए तक का ऋण मिल सका।

    उन्होंने कहा कि सेवा कभी बेकार नहीं जाती। समाज इतना उदार है कि वह मिले हुए सहयोग को कभी नहीं भूलता और अपने आशीर्वाद के जरिए उसका कर्ज चुकाता है। लोगों का आशीर्वाद हर दिन उनके भीतर कुछ नया करने की शक्ति और प्रेरणा पैदा करता है। यही प्रेरणा उन्हें कड़ी मेहनत करने और नए लक्ष्य हासिल करने का हौसला देती है। नवसारी में पार्टी के नए संस्थागत कार्यालय की स्थापना हुई है और यह कार्यालय मुश्किल में फंसे लोगों के लिए सहारा बनना चाहिए। पीएम मोदी ने आने वाले त्योहारों का जिक्र करते हुए स्वच्छता अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा के बाद अब गणपति बप्पा का आगमन हो रहा है। गणपति विसर्जन के कुछ समय बाद देवी लक्ष्मी और देवी दुर्गा का आगमन होगा और इसके बाद नवरात्रि का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वच्छता अभियान के चलते इस साल दिवाली के दीये भी और बेहतर तरीके से जगमगाएंगे।

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह दिन वास्तव में यादगार है। पीएम मोदी ने सरकार के मुखिया के तौर पर अपना सबसे लंबा कार्यकाल देश और जनता की सेवा के लिए समर्पित किया है। कामकाज की राजनीति के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा में काम करने की ऐसी संस्कृति विकसित की है कि जमीनी स्तर का एक सामान्य कार्यकर्ता भी पूरे समर्पण के साथ जनसेवा और लोगों की भलाई में जुट जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

    Share:

  • MP: लंपी वायरस से बचाव के दावों की खुली पोल? इलाज के अभाव में 15 गोवंश की मौत

    Tue Sep 8 , 2026
    ग्वालियर। ग्वालियर (Gwalior) में लंपी वायरस से गोवंश को बचाने के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। रतवाई गांव में श्री वृंदावन गौशाला के नाम से बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में बीमार गोवंश की मौत के बाद पशुपालन विभाग की व्यवस्थाएं कटघरे में हैं। गोशाला प्रबंधन का आरोप है कि लगातार सूचना देने के […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved