देश राजनीति

शिवसेनाः संजय राउत का हुआ प्रमोशन, बनाए गए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता

मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ चल रही जुबानी जंग के बीच शिवसेना  नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राउत को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। संजय राउत अपनी बयानबाजी के चलते हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में कंगना रनौत के साथ उनकी जुबानी जंग जारी है हालांकि पार्टी ने इस विवाद के इतर संजय राउत को पार्टी के चीफ प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंप दी है।
संजय राउत शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक भी हैं, पिछले दिनों संजय राउत का गुस्सा उस समय सांतवें आसमान पर पहुंच गया, जब अभिनेत्री कंगना रनौत ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से कर दी थी। इसके बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने उनकी कड़ी आलोचना की थी। नाराज राउत ने यहां तक कह डाला कि अगर उनमें हिम्मत हो तो वो अहमदाबाद की तुलना मिनी पाकिस्तान से करके दिखाएं।
संजय राउत का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ और उन्होंने कहा, कंगना को अगर मुंबई से इतनी ही दिक्कत है तो उन्हें यहां आने की जरूरत नहीं है। इस पर कंगना ने भी धमकी देते हुए कहा कि उन्हें मुंबई आने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह मुंबई आने वाली हैं जिसे भी उन्हें रोकना है रोककर दिखाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने कंगना को वाई श्रेणी की सुरक्षा दे दी।
शिवसेना ने बताया कि राउत के अलावा, लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत और धैर्यशील माने, राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत, अनिल परब, गुलाबराव पाटिल, विधायक सुनील प्रभु और प्रताप सरनाईक, मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर और वरिष्ठ नेता नीलम गोरहे को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है।

Share:

Next Post

रिया की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू, मेडिकल के लिए ले जाएगी NCB की टीम

Tue Sep 8 , 2020
मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया और उनके भाई शोविक पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का शिकंजा कसता जा रहा है। शोविक जहां ड्रग्स मामले में पहले से एनसीबी की कस्टडी में है। रिया पर सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। एनसीबी सूत्रों के अनुसार, आज रिया गिरफ्तार हो सकती हैं। गिरफ्तारी के बाद […]