बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर (software Engineer) के साथ धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उसने दावा किया कि 1 लाख 86 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान करके ई-कॉमर्स कंपनी (e-commerce company) से सैमसंग गैलेक्सी जी फोल्ड 7 स्मार्टफोन मंगाया था, लेकिन उन्हें इस स्मार्टफोन का जो डिब्बा मिला उसे खोलने पर केवल पत्थर (टाइल) का टुकड़ा मिला। पुलिस के अनुसार, येलचेनहल्ली के रहने वाले प्रेमनानंद ने फोन के लिए ऑर्डर किया था और इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के मुताबिक, प्रेमनानंद ने 14 अक्टूबर को एक ई-कॉमर्स मंच से इस फोन की खरीदारी की थी और अपने क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके ऑनलाइन भुगतान किया। स्मार्टफोन की आपूर्ति के नाम पर उन्हें एक डिब्बा 19 अक्टूबर को शाम करीब 4:16 बजे प्राप्त हुआ। उन्होंने डिब्बे को खोलते समय एक वीडियो बनाई। वह स्मार्टफोन की जगह डिब्बे में केवल सफेद रंग का चौकोर टाइल का टुकड़ा देखकर चौंक गए।
प्रेमनानंद ने पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) में शिकायत दर्ज कराई और बाद में स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। जिसने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी (कंप्यूटर संसाधनों का उपयोग करके धोखाधड़ी) के तहत FIR दर्ज की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इस खबर को लेकर सोशल मीडिया पर भी हंगामा मच गया है। इंटरनेट यूजर्स ई-कॉमर्स कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved