img-fluid

अभिजीत दीपके समेत CJP नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सोनम वांगचुक आज कर सकते हैं बड़ा ऐलान, जाने प्‍लान?

October 11, 2026

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke), सौरव दास (Sourav Das) और आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) की गिरफ्तारी के विरोध में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) आज बड़ा कदम उठाने का ऐलान कर सकते हैं। उन्होंने सरकार को प्रदर्शनकारियों को रिहा करने और मामलों का समाधान निकालने के लिए 24 घंटे का समय दिया था, जिसकी समयसीमा आज खत्म हो रही है। वांगचुक ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो वह लेह या दिल्ली में धरना, अनशन अथवा पदयात्रा शुरू करने पर विचार करेंगे।

वांगचुक ने दिल्ली में छात्र और युवा नेताओं, वकीलों, पत्रकारों और सांसदों की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार बातचीत के जरिए विवाद सुलझा लेगी, ताकि उन्हें आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।

वांगचुक बोले- देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात
सोनम वांगचुक ने अपने संदेश में कहा कि दिल्ली में छात्र नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं, वकीलों, पत्रकारों और यहां तक कि सांसदों को भी हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान शांति और एकता बनाए रखने की अपील करने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी जाएगी।

वांगचुक के मुताबिक, मौजूदा हालात ऐसे लग रहे हैं, जैसे देश में अघोषित आपातकाल लगा हो। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि गिरफ्तारियों को समाप्त किया जाए और संबंधित मामलों को बातचीत के जरिए सुलझाया जाए।


  • उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटों में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह लेह या दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने पर विचार करेंगे। इसके लिए धरना, अनशन या पदयात्रा जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार इससे पहले ही बातचीत के जरिए समाधान निकाल लेगी।

    7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का दावा
    दिल्ली में ‘जंतर-मंतर 2.0’ आंदोलन के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और कई विपक्षी नेता शामिल बताए गए।

    CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान से ही हिरासत में ले लिया।

    जंतर-मंतर की ओर जा रहे चार पूर्व मुख्यमंत्रियों—आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, माकपा नेता पिनराई विजयन और माणिक सरकार—के साथ कई अन्य विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा, यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से और आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली हाट से हिरासत में लिए जाने की बात कही गई।

    CJP का ऐलान- मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन
    CJP ने स्पष्ट किया है कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से पीछे नहीं हटेगी। संगठन ने रविवार सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर दोबारा प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी और आंदोलन की कमान संभाल रहे अजिंक्य शिंदे ने कहा कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बावजूद संगठन अपना आंदोलन जारी रखेगा। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक विरोध-प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प दोहराया गया है।

    सुप्रीम कोर्ट में आज अवमानना याचिका पर सुनवाई
    इस पूरे घटनाक्रम के बीच सुप्रीम कोर्ट रविवार को उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें 10 अक्टूबर को मेट्रो और ट्रेनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक नहीं लगाने संबंधी अदालत के आदेश का उल्लंघन किए जाने का आरोप लगाया गया है।

    अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने यह अवमानना याचिका दायर की है। इसमें संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया गया है।

    अब सबकी नजरें सोनम वांगचुक के अगले कदम, CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन और सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर हैं। सरकार की ओर से गिरफ्तारियों और आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर क्या रुख अपनाया जाता है, इससे आगे की स्थिति तय हो सकती है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved