वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन (Donald Trump) में संभावित फेरबदल को लेकर अमेरिका (US) की सियासत में हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी को हटाए जाने के बाद अब फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के निदेशक काश पटेल (Kash Patel) और नेशनल इंटेलिजेंस की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।
इस बीच पीट हेगसेथ द्वारा सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटाए जाने की खबर ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। पेंटागन ने पुष्टि करते हुए बताया कि जनरल जॉर्ज तत्काल प्रभाव से सेना के 41वें प्रमुख पद से सेवानिवृत्त हो गए हैं।
काश पटेल की संभावित विदाई पर चर्चा
पूर्व एफबीआई एजेंट काइल सेराफिन ने दक्षिणपंथी होस्ट एलेक्स जोंस से बातचीत में दावा किया कि एफबीआई में बड़ा फेरबदल संभव है। उनके अनुसार, काश पटेल को हटाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और विभाग में व्यापक बदलाव किए जा सकते हैं।
एफबीआई में विवाद और मुकदमा
काश पटेल के नेतृत्व में हुई कथित छंटनी के खिलाफ कानूनी चुनौती भी सामने आई है। तीन पूर्व एजेंट—मिशेल बॉल, जेमी गारमन और ब्लेयर टोलमैन-ने ‘क्लास-एक्शन’ मुकदमा दायर कर बहाली की मांग की है। उनका आरोप है कि 2020 चुनाव से जुड़ी जांच में शामिल होने के कारण उन्हें अवैध रूप से हटाया गया।
मुकदमे में दावा किया गया है कि तीनों एजेंटों के पास 8 से 14 साल का बेदाग सेवा रिकॉर्ड था, लेकिन बिना कारण बताए उन्हें पद से हटा दिया गया। एजेंटों ने इसे ‘प्रतिशोध अभियान’ करार दिया है।
प्रशासन में और बदलाव संभव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रशासन में अन्य अहम पदों पर भी बदलाव पर विचार किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के प्रशासक ली जेल्डिन को नए अटॉर्नी जनरल के संभावित विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
पूरे घटनाक्रम से संकेत मिल रहे हैं कि ट्रंप प्रशासन के भीतर व्यापक पुनर्गठन चल रहा है। एफबीआई में वफादारी और पुरानी जांचों को लेकर उठे विवाद के बीच कई वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई की अटकलों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved