बैतूल। जिले के रानीपुर ग्राम (Ranipur Village) में रविवार को प्रदेश के पहले पुलिस म्यूजियम (Police Museum) का शुभारंभ हुआ। इस म्यूजियम में पुलिस विभाग के गौरवशाली अतीत और ऐतिहासिक सामग्री (Police Museum) के साथ ही जिले की आदिवासी संस्कृति (tribal culture) की झलक भी देखी जा सकेगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान करने के बाद फीता काटकर इस म्यूजियम का शुभारंभ किया गया।
रविवार को बैतूल के 200 वर्ष पूर्ण होने पर रानीपुर थाने के पुराने भवन में बने म्यूजियम का शुभारंभ हुआ। सांसद डीडी उईके, कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस और एसपी सिमाला प्रसाद द्वारा महेंद्रवाड़ी, ओझाढाना, धाडगांव से आए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इसके साथ ही विधिवत रूप से म्यूजियम का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि बैतूल जिले की लिए यह गौरव की बात है कि रानीपुर थाना में इस क्षेत्र के आदिवासियों द्वारा की गई घटनाएं एवं ऐतिहासिक घटनाएं जुड़ी हुई है। बैतूल जिले के रानीपुर पुलिस थाने के पुरानी भवन को प्रदेश का पहला पुलिस म्यूजियम बनाया गया है। जिसमें आजादी की लड़ाई एवं पुलिस से संबंधित ऐतिहासिक चीजें रखी गई है।
गौरतलब है कि इस म्यूजियम में अंग्रेजों के जमाने आजादी के लिए किए गए संघर्ष की यादें जुड़ी हुई हैं। साथ ही कई ऐतिहासिक बातें जुड़ी हुई है। रानीपुर थाने का पुराना भवन 1913 में बनाया गया है। वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान आदिवासी भाइयों ने थाने का घेराव किया था। पुराने भवन में लगे लकड़ी के खंभे पर आज भी घेराव के दौरान चलाई गई कुल्हाड़ी के निशान हैं। इसलिए इस थाने का चयन म्यूजियम के लिए किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved