विदेश

कीव के नजदीक 410 नागरिकों के शव मिलने के बाद से रूस की हो रही कड़ी निंदा

कीव । राजधानी कीव (Kyiv) के नजदीक के बूचा और कुछ अन्य कस्बों-गांवों में नागरिकों के 410 शव मिलने से यूक्रेन (Ukraine) में रूसी सेना (Russian Army) के कृत्य की तीव्र भ‌र्त्सना शुरू हो गई है। अमेरिका (US), ब्रिटेन (UK), फ्रांस (France), जर्मनी (Germany) और यूरोपीय यूनियन (ईयू) ने इसे गंभीर युद्ध अपराध मानते हुए रूस की कड़ी निंदा की है। जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस नरसंहार के लिए रूस की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उस पर नए प्रतिबंधों की मांग की है।

इस मामले में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा है कि उनका देश अब रूस पर प्रतिबंध और यूक्रेन की सहायता बढ़ाएगा। लेकिन रूस ने नागरिकों की सामूहिक हत्या में शामिल होने से इन्कार किया है। इस बीच कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाके खाली करते हुए रूसी सेना यूक्रेन के उत्तर से निकल गई है। लेकिन पूर्वी, दक्षिणी यूक्रेन और बंदरगाहों पर रूसी हमले तेज हो गए हैं।


उल्‍लेखनीय है कि बीते शनिवार को रूसी सेना ने कीव के आसपास का इलाका खाली किया था। लेकिन जैसे ही वहां पर यूक्रेन की सेना पहुंची तो बूचा कस्बे और कुछ अन्य इलाकों में बढ़ी संख्या में नागरिकों के शव मिले। बूचा में करीब तीन सौ लोगों की सामूहिक कब्र होने का पता चला। इन लाशों पर बर्बरता के निशान मिलने से लोगों में गुस्सा है। क्षेत्र में बारूदी सुरंगें भी बिछी मिलीं जिसके चलते आगे बढ़ते यूक्रेनी सैनिकों को विस्फोटों का सामना करना पड़ा।

वहीं, बतादें कि रूसी सेना की वापसी के बाद कीव के आसपास का इलाका अब पूरी तरह से यूक्रेन सरकार के कब्जे में आ गया है। नजदीक के इरपिन, बूचा, होस्टोमेल कस्बों सहित 30 कस्बों-गांवों में हालात सामान्य बनाने का कार्य रविवार को शुरू हो गया। तुर्की में हुई वार्ता के दौरान रूस ने कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाकों से सेना हटाने की घोषणा की थी।

मीकोलईव के काला सागर के किनारे स्थित बंदरगाह पर रूस के मिसाइल हमला किया है। इसी प्रकार से ओडेसा बंदरगाह के नजदीक स्थित तेल गोदाम पर रूसी मिसाइलों का हमला हुआ है। मारीपोल बंदरगाह पर भी हमले की खबर है। रूसी सेना ने रविवार को कीव से 50 किलोमीटर दूर स्थित वासिलकीव के यूक्रेनी सेना के एयर कमांड सेंटर पर मिसाइल से हमला किया। यह सेंटर रूसी हमले से पहले ही बर्बाद हो चुका है। इसमें कुछ गतिविधियां चल रही थीं, ताजा हमले से वे भी खत्म हो गई हैं। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके मिसाइल हमले में मध्य यूक्रेन में स्थित हवाई पट्टी नष्ट हो गई है। इसी तरह से यूक्रेन के दक्षिणी भाग में डिनिप्रो की हवाई पट्टी को नष्ट कर दिया गया है। इससे यूक्रेन की हवाई हमले की क्षमता कम हुई है। इन्हें मिलाकर यूक्रेन के 28 सैन्य ठिकानों को अभी तक नष्ट किया जा चुका है। नष्ट होने वाले ठिकानों में दो शस्त्रागार भी शामिल हैं। यूक्रेनी सेना ने बताया है कि रूसी हवाई हमले से लुहांस्क क्षेत्र के सीवरो डोनेस्क और रूबीझेन में नुकसान हुआ है। यूक्रेनी सेना कहा है कि उसने लुहांस्क और डोनेस्क इलाकों शनिवार को हुए रूसी सेना के छह हमलों को विफल किया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना के निशाने पर देश का पूर्वी और दक्षिणी इलाका है। वह इन्हीं दोनों इलाकों पर कब्जा करना चाह रही है। हमारा लक्ष्य अपनी जमीन को दुश्मनों से बचाना है। इसके लिए हमें एंटी मिसाइल सिस्टम और अन्य आधुनिक हथियारों की जरूरत है, पश्चिमी देश हमें ये हथियार जल्द भेजें। जेलेंस्की ने कहा, रूसी सेना एक महीने से ज्यादा से बर्बर तरीके से हमले कर रही है लेकिन हमने उसका बहादुरी से सामना ही नहीं किया बल्कि उसे कमजोर भी किया। जेलेंस्की ने रूसी सेना के कृत्य को नरसंहार करार दिया है।

रूस के सीमावर्ती शहर बेलगोरोद में रविवार को दो तेज धमाके हुए। यह वही शहर है जहां शुक्रवार को तेल गोदाम में भीषण आग लगी थी और उसके लिए यूक्रेन के हेलीकाप्टर से हमले को जिम्मेदार ठहराया गया था। लेकिन यूक्रेन ने ऐसे किसी हमले से इन्कार किया है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि ये धमाके तोमारोव्का गांव में हुए। इनसे जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। अधिकारियों ने इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी है।

उधर, रूस ने जल्द ही यूक्रेन के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने के संकेत दिए हैं। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन के अनुसार यूक्रेन में रूसी सेना ने विशेष सैन्य कार्रवाई के सभी लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है। इसलिए अब हम शांति समझौता कर सकते हैं। यह जानकारी इंटरफैक्स न्यूज एजेंसी ने दी है।

Share:

Next Post

इमरान खान ‘घोर राजद्रोह’ के दोषी : नवाज शरीफ

Mon Apr 4 , 2022
नई दिल्‍ली । पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ (Nawaz Sharif) ने रविवार को कहा कि देश के खिलाफ साजिश में शामिल प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) और अन्य लोग घोर राजद्रोह के दोषी हैं और इनके खिलाफ संविधान के उल्लंघन का मामला चलाया जाना चाहिए. पूर्व प्रधानमंत्री का यह बयान तब आया जब […]