बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप हो जनप्रतिनिधियों का व्यवहार और आचरण : शिवराज

– संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था (democratic system) में जन-प्रतिनिधियों की जवाबदारी (Responsibility of People’s Representatives) जनता के प्रति है। इसिलए सदन में जन-प्रतिनिधियों का व्यवहार और आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप होना चाहिए। सदन में अपने व्यवहार और कार्यप्रणाली से ही विधायकगण जन-सामान्य में विधायिका की कार्य-प्रणाली के संबंध में श्रेष्ठ भाव और छवि विकसित कर सकते हैं। आने वाली पीढ़ी को सही स्वरूप में यह लोकतांत्रिक परम्पराएँ और मूल्य सौंपने की दृष्टि से हम पर यह दायित्व भी है।


मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा द्वारा आयोजित संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार 2021 के वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। विधानसभा स्थित मानसरोवर सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की। लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट संसदीय पुरस्कारों से लिए मंत्रियों-विधायकों, पत्रकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, विधि-विधायी कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा सहित मंत्री, जन-प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मध्यप्रदेश विधानसभा आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिरला जी ने सदन की पुरानी परम्पराओं को जीवंत रखते हुए नई परम्पराएँ स्थापित कर सदन के बेहतर संचालन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके कार्यों की गहराई और विचारों की ऊँचाई सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम विधानसभा पुरस्कारों के वितरण की परम्परा को पुन: आरंभ करने के लिए बधाई के पात्र हैं। श्रेष्ठ कार्यों और गतिविधियों को पुरस्कृत करने से वे सदा के लिए जीवंत हो जाती हैं। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की विधानसभा में पटवा शैली का स्मरण करने के साथ मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्ववर्ती सदस्यों के संस्मरणों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने बेस्ट मंत्री अवार्ड से सम्मानित होने पर विधि-विधायी कार्य तथा गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित होने पर विधायक झूमा सोलंकी, यशपाल सिंह सिसोदिया, बहादुर सिंह चौहान, जयवर्धन सिंह और पुरस्कार प्राप्त पत्रकारों तथा अधिकारी-कर्मचारियों को भी बधाई दी।

मुख्यमंत्री चौहान से लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने की सौजन्य भेंट

कार्यक्रम के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला का शाल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

सबको मिलकर रखना है लोकतंत्र की मर्यादा का ध्यानः ओम बिड़ला

Thu Mar 10 , 2022
– भारतीय लोकतंत्र को लोकसभा अध्यक्ष ने बताया दुनिया में सशक्त भोपाल। भारतीय लोकतंत्र (Indian democracy) दुनिया का सबसे सशक्त लोकतंत्र (most powerful democracy in the world) है। दल से ऊपर उठकर इसकी मर्यादा बनाये रखने की हम सबकी जिम्मेदारी है। यह बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला (Lok Sabha Speaker Om Birla) ने बुधवार को […]