
उज्जैन। भगवान महाकाल की कार्तिक माह की पहली सवारी सोमवार को राजसी ठाट-बाट और पारंपरिक वैभव के साथ निकाली गई। शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद बाबा महाकाल पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले।
सवारी के दौरान पूरा मार्ग जय महाकाल के जयघोष से गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और दर्शन कर पुण्य लाभ लिया। सवारी में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित महाकालेश्वर बैंड के साथ भजन मंडलियां, पुलिस बैंड, घुड़सवार दल और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल हुए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भजनों की धुन के बीच बाबा महाकाल की पालकी आगे बढ़ी तो मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने के लिए आतुर नजर आए।
रामघाट पर किया मां शिप्रा का पूजन
मंदिर से रवाना होकर सवारी महाकाल रोड, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। यहां भगवान महाकाल ने मोक्षदायिनी मां शिप्रा के जल से विधि-विधान के साथ तीर्थ पूजन किया। कार्तिक-अगहन मास में भगवान महाकाल के रामघाट पहुंचकर शिप्रा पूजन करने की प्राचीन परंपरा है। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा महाकाल का अभिवादन किया।
इन मार्गों से होकर मंदिर लौटी सवारी
रामघाट पर पूजन-अर्चन के बाद भगवान महाकाल की सवारी गंधर्व घाट, गणगौर दरवाजा, मोड़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार होते हुए वापस महाकालेश्वर मंदिर पहुंची।कार्तिक माह की पहली सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखाई दिया। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह भगवान के स्वागत और दर्शन के लिए लोग खड़े रहे। परंपरा, आस्था और राजसी वैभव के संग निकली बाबा महाकाल की सवारी ने एक बार फिर धर्मनगरी उज्जैन को शिवमय कर दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved