
नागदा। बीती रात डोल ग्यारस के अवसर पर नागदा में मनमोहक झांकियों का कारवां निकला। स्थान-स्थान पर पुष्प वर्षा कर विभिन्न संगठनों ने झांकियों का स्वागत किया। रातभर झांकियों का उल्लास छाया रहा तथा अखाड़ों के साथ ही कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। कोरोनाकाल के दो साल बाद निकली झांकियों को निहारने के लिए रातभर लोग शहर की सड़कों पर जमे रहे। रात 10 बजे से झांकियाँ पहुंचना शुरू हुई। झांकियों के आगे अखाड़ों के कलाकार हैरतअंगेज करतब करते नजर आए।
पोरवाल समाज के तत्वावधान में निकाली गई बद्रीविशाल मंदिर की झांकी में केवट प्रभु श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण को सरयु नदी पार कराते नजर आएं। वहीं प्रजापत समाज के राधा कृष्ण मंदिर पटेल गली की झांकी में दुशासन द्रोपति का चीरहरण करते नजर आएं। पाडल्या कला राम जानकी मंदिर की झांकी में कृष्ण लीला का दृश्य नजर आया। इसके अलावा सत्यनारायण मंदिर कृष्णापुरा, लक्कड़दास मंदिर, सत्यनारायण मंदिर दशहरा मैदान का झूला नजर आया। पवन पुत्र, विजय हनुमान, विकट हनुमान, शीतलानंद व्यायामशाला सहित विभिन्न अखाड़ों के कलाकार हैरतअंगेज करतब दिखाते नजर आए। व्यायामशाला द्वारा अधिकारियों का स्वागत साफा बांधकर किया गया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved