img-fluid

गर्मी ने तोड़ा फरवरी का पिछले 10 में से 4 सालों का रिकार्ड

February 28, 2025

  • कल पारा पहुंचा 33.9 डिग्री पर, आज और ऊपर जा सकता है , टूट सकते हैं रिकार्ड
  • पिछले साल की तरह इस साल भी फरवरी की रातें रहीं सर्वाधिक गर्म

इंदौर। शहर में इस साल फरवरी जाते-जाते तीखी गर्मी का अहसास करवा रही है। कल पहली बार दिन का पारा 33.9 डिग्री पर जा पहुंचा। इसके साथ ही फरवरी का पिछले 10 में से 4 सालों का रिकार्ड टूट गया। आज तापमान और भी बढऩे की उम्मीद है, जिससे और भी रिकार्ड टूट सकते हैं। वहीं दूसरी ओर कल रात न्यूनतम तापमान पहली बार 20 डिग्री के आगे निकल गया, जिससे दिन के बाद रात को भी गर्मी ने बहुत सताया।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों की अपेक्षा भी 2 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 2.4 डिग्री डिग्री ज्यादा था। यानी 24 घंटों में ही दिन और रात के तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी रही और अधिकतम गति 33 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि हवाओं का रुख पश्चिमी होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, साथ ही तेज धूप भी गर्मी को बढ़ा रही है। आज तापमान में और भी बढ़ोतरी के आसार हैं। वहीं कल से तापमान में थोड़ी कमी आना शुरू होगी और 5 मार्च तक लगातार यह थोड़ा-थोड़ा कम होता रहेगा। 5 मार्च तक दिन का तापमान 29 डिग्री और रात का 12 डिग्री तक जाने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी का दौर शुरू होगा।


10 सालों की सबसे गर्म रातें
अकसर फरवरी में ठंड का अहसास बना रहता है, लेकिन इस साल फरवरी पिछले 10 सालों में पिछले साल की ही तरह सबसे गर्म रातों वाला महीना रहा है। इस बार सबसे कम न्यूनतम तापमान 7 फरवरी को 12 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था। इसके अलावा ज्यादातर समय न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या इससे ज्यादा ही रहा है। पिछले साल भी सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के रूप में 25 फरवरी की रात को दर्ज हुआ था, जबकि पिछले 10 सालों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2019 में 7.4 डिग्री के रूप में 8 फरवरी को दर्ज हुआ था। वहीं इतिहास में फरवरी में सबसे कम तापमान 96 साल पहले 1 फरवरी को माइनस 2.8 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था।

रिकार्डतोड़ गर्मी से शहर परेशान
मौसम विभाग के अनुसार कल दर्ज 33.9 डिग्री तापमान पिछले 10 सालों में फरवरी में दर्ज सर्वाधिक तापमान के मामले में 4 सालों की तुलना में ज्यादा था। जिन वर्षों का रिकार्ड टूटा उनमें 2017, 2020, 2022 और पिछला साल यानी 2024 शामिल हैं। हालांकि पिछले 10 सालों में सर्वाधिक तापमान 2019 में 22 फरवरी को 35 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था। वहीं इतिहास की बात करें तो फरवरी में सर्वाधिक गर्मी का रिकार्ड अब से 19 साल पहले 2006 में 22 फरवरी को दर्ज हुआ था। तब अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री पहुंचा था, जो फरवरी में दर्ज अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है।

पिछले 10 सालों में फरवरी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर एक नजर
वर्ष न्यून. तारीख अधि. तारीख
2015 9 27 34.6 25
2016 10 4, 13 34.6 20
2017 9 1 33.5 28
2018 11.4 9 34.5 24
2019 7.4 8 35 22
2020 10.2 9 32.5 21
2021 9.5 1 34.5 28
2022 8.7 4 33.8 23
2023 8.6 2 34.4 21
2024 12 25 33.6 29
2025 12 7 33.9 27
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार)

Share:

  • निगम के राजस्व अधिकारी के तीन जगह स्थित आवासों पर ईओडब्ल्यू का छापा

    Fri Feb 28 , 2025
    नींद से जागे नहीं और अधिकारी जा धमके आवास पर दो-दो पत्नियां, अलग-अलग घर…सभी जगह एक साथ धावा बोला इन्दौर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के अधिकारियों ने आज सुबह दो-दो पत्नियों (Wives) के पति (Husband) नगर निगम (Municipal council) के राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) के तीन आवासों पर छापामार कार्रवाई करते हुए करोड़ों की अनुपातहीन […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved