उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन (Ujjain) में एक आवासीय शिक्षण संस्थान से अमानवीयता का मामला सामने आया है। दूसरे छात्र के बिस्तर पर सोने की बात से नाराज शिक्षक (Angry teacher) ने एक छात्र को डंडों से बेरहमी से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चिंतामणि थाना पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो भारत सरकार के अधीन संचालित आवासीय संस्थान महर्षि सांदीपनी राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान का है। वीडियो में शिक्षक छात्र पर लगातार डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि छात्र दर्द से चीखता सुनाई देता है। बताया गया कि कमरे में मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
दर्द से चीखता रहा छात्र, शिक्षक बरसाता रहा डंडे
वीडियो में आरोपी शिक्षक की पहचान दत्तदास शेवड़े के रूप में बताई जा रही है। वह सामवेद राणायनी शाखा में पदस्थ होने के साथ वार्डन की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। पिटाई के दौरान शिक्षक छात्र से सवाल-जवाब करते हुए उस पर छड़ी बरसाते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक छात्र के दूसरे के बिस्तर पर सोने से नाराज होकर उसे यह सजा दी गई।
संस्थान ने बनाई जांच समिति
यह प्रतिष्ठान आवासीय व्यवस्था वाला केंद्र है, जहां देशभर से छात्र वैदिक शिक्षा लेने आते हैं और परिसर में ही रहते हैं। यहां अनुशासन को लेकर सख्त नियम लागू हैं, जिनका पालन करवाने की जिम्मेदारी वार्डन और शिक्षकों पर होती है। वीडियो सामने आने के बाद संस्थान की ओर से तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई, हालांकि प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित करने की बात कही है।
पुलिस करेगी पीड़ित छात्र से बातचीत
चिंतामणि थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रबंधन ने छात्र को पुलिस के सामने पेश करने की बात कही है। पुलिस पीड़ित छात्र से चर्चा कर आगे विधिसम्मत कार्रवाई करेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved