बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

पुलिस जवानों के अदम्य साहस एवं शौर्य से देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ः शिवराज

– मुख्यमंत्री ने अदम्य साहस का प्रदर्शन वाले पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान

– 51 पुलिस अधिकारी एवं जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि पुलिस जवानों के अदम्य साहस एवं शौर्य से देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ है। हमारे पुलिस जवान जान हथेली पर रखकर आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं। इन वीरों के होते हुए दुनिया की कोई ताकत हमारे देश व प्रदेश की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकती।

मुख्यमंत्री चौहान रविवार को पुलिस लाइन बालाघाट में पुलिस क्रम से पूर्व पदोन्नति अलंकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नक्सल दमन गतिविधियों में अदम्य साहस का प्रदर्शन करने वाले बालाघाट जिले के 24 तथा मंडला जिले के 27 पुलिस अधिकारी एवं जवानों के कंधों पर सितारे एवं बाहों पर फीता लगाकर आउट ऑफ द टर्न प्रमोशन देकर उन्हें सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम सब होली, दिवाली, ईद मनाते हैं तब पुलिस के वीर जवान सजग होकर हमारी सुरक्षा करते हैं। इन विपरीत परिस्थितियों में राष्ट्र सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने वाले जवानों पर प्रदेश की जनता को गर्व है। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने अभूतपूर्व साहस का प्रदर्शन करते हुए आंतरिक सुरक्षा में सेंध लगाने वाले नक्सलियों के दांत खट्टे कर दिए हैं। नक्सलवाद को कोने में समेट के रख दिया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों के साथ सभी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आपको दिया जा रहा यह प्रमोशन का सम्मान आपकी वीरता का ही प्रतिफल है। सभी सतत रूप से प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को बनाये रखने की दिशा में कार्य करें। जवानों की सुरक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं को जुटाने में शासन स्तर से कोई भी कमी नहीं आने दी जायेगी।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा एवं पर्यावरण तथा जिले के प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह डंग, जलसंसाधन एवं आयुष राज्य मंत्री रामकिशोर कांवरे, सांसद डॉ ढाल सिंह बिसेन, खनिज निगम अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन, पूर्व विधायक रमेश भटेरे, पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी, अतिरिक्त महानिदेशक गुप्तवार्ता आदर्श कटियार, एडीजी मकरन्द देऊस्कर, सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

शहीद स्मारक में शहीदों को किया नमन
मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक में पुष्पगुच्छ अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मंत्रीगण, जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

Tokyo Paralympics: भारत के लिए शानदार रहा रविवार का दिन

Mon Aug 30 , 2021
नई दिल्ली। टोक्यो पैरालंपिक (Tokyo Paralympics) में रविवार का दिन भारत के लिए बहुत शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आज तीन पदक अपने नाम किए। भारत के विनोद कुमार, निषाद कुमार और भाविना पटेल ने पदक जीता। हालांकि इस बीच खबर है कि विनोद कुमार के नतीजे को फिलहाल होल्ड पर […]