
मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा के तहत शुरू हुआ संचालन, पहले 495 रुपए में होता था सफर
इंदौर। इंदौर (Indore) से भोपाल (Bhopal) जाने वाले यात्रियों को अब बस सफर (Bus Journey) के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। मुख्यमंत्री (CM) सुगम बस परिवहन (Accessible Bus Transport) सेवा के तहत इंदौर-भोपाल रूट पर बसों का संचालन शुरू होने के साथ ही किराए में 100 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले जहां एक यात्री को एक तरफ के सफर के लिए 495 रुपए चुकाने पड़ते थे, वहीं अब टिकट के लिए 595 रुपए देने होंगे।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में सरकारी बस परिवहन व्यवस्था को नए सिरे से शुरू करने के लिए अलग कंपनी गठित की गई है। इस कंपनी में इंदौर सहित विभिन्न शहरों की सिटी बस कंपनियों का विलय किया गया है। नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में इंदौर सिटी बस कंपनी द्वारा इंदौर से भोपाल के बीच संचालित चार्टर्ड बस सेवा भी अब मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा के अंतर्गत संचालित हो रही है।
कंपनी का दावा- निर्धारित दर से कम है किराया
किराए में हुई बढ़ोतरी को लेकर बस कंपनी का कहना है कि यात्रियों से अभी भी निर्धारित दर से कम किराया लिया जा रहा है। कंपनी के इंदौर कार्यकारी संचालक अर्थ जैन के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के मुताबिक साधारण बस का किराया 2 रुपए प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है, वहीं सुपर लग्जरी बसों के लिए साधारण किराए से 75 प्रतिशत अतिरिक्त राशि लेने का प्रावधान है।
नियमों के हिसाब से 698 रुपए से ज्यादा बनता है किराया
इंदौर से भोपाल की दूरी करीब 190 किलोमीटर है। इस हिसाब से साधारण बस का किराया 380 रुपए बनता है। सुपर लग्जरी श्रेणी के लिए 75 प्रतिशत अतिरिक्त राशि यानी 285 रुपए जोड़ने पर किराया 665 रुपए हो जाता है। इस पर 5 प्रतिशत जीएसटी के 33.25 रुपए और जोड़ने पर कुल किराया 698.25 रुपए बनता है। कंपनी के मुताबिक, इस गणना के मुकाबले यात्रियों से फिलहाल 595 रुपए ही लिए जा रहे हैं। यानी निर्धारित गणना से करीब 103 रुपए कम किराए पर सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि यात्रियों के लिए नई व्यवस्था में राहत की बात यह है कि निर्धारित गणना से कम किराया लिया जा रहा है, लेकिन पहले की तुलना में एक तरफ के सफर पर 100 रुपए अधिक चुकाने पड़ेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved