img-fluid

एक कुत्ता नहीं पकड़ पा रहा नगर निगम, अब तक 40 लोगों को काट चुका

April 23, 2026

सतना। मध्यप्रदेश के सतना में आवारा कुत्तों का खतरा एक बार फिर गंभीर रूप में सामने आया है। शहर के गहरा नाला क्षेत्र से शुरू हुई घटना ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जब एक कथित रूप से पागल कुत्ता मेन बाजार होते हुए अस्पताल चौराहा तक पहुंच गया और रास्ते में आने वाले लोगों पर हमला करता चला गया। इस हमले में करीब 40 लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता बेहद आक्रामक था और अचानक लोगों पर झपट रहा था। गहरा नाला से निकलकर वह मुख्य बाजार क्षेत्र में पहुंचा, जहां भीड़-भाड़ अधिक थी। कुत्ते के हमले से दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए दुकानों और घरों में छिप गए, जबकि कई लोग हमले में घायल हो गए।


  • घटना के बाद सभी घायलों को जिला चिकित्सालय सतना में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत एंटी-रेबीज इंजेक्शन और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉक्टर शरद दुबे के अनुसार, “करीब 40 लोग घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे हैं। सभी को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।”

    इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। कई इलाकों में कुत्तों के झुंड खुलेआम देखे जा सकते हैं और पहले भी काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह ने बताया कि कुत्ते द्वारा लोगों को काटने की जानकारी मिली है और निगम की टीम व कुछ एनजीओ के सहयोग से कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

    सुप्रीम कोर्ट द्वारा आवारा कुत्तों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें नसबंदी और टीकाकरण को अनिवार्य बताया गया है। इसके बावजूद सतना में इन निर्देशों का प्रभावी पालन नहीं हो रहा, जिससे ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

    घटना के बाद शहर में भय का माहौल है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, नसबंदी और टीकाकरण तेज किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। सतना की यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं सामने आ सकती हैं।

    Share:

  • गौ माता को सम्मान दिलाने के लिए 27 अप्रैल को मनाएंगे गौ सम्मान दिवस, दिल्ली से तय हुई राष्ट्रव्यापी गौसेवा अभियान की रूपरेखा

    Thu Apr 23 , 2026
    इंदौर। गो सम्मान आह्वान अभियान को लेकर दिल्ली में एक बैठक राष्ट्रव्यापी गौ सेवा अभियान की रूपरेखा तय की गई है, जिसमें सभी ने एक मत से निर्णय लेते हुए गौमाता को सम्मान दिलाने के लिए 27 अप्रैल को गो सम्मान दिवस मनाया जाएगा। बैठक में पहुंचे देशभर के संतों, गोभक्तों और गोसेवकों ने सर्वसम्मति […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved