भोपाल/ग्वालियर (Bhopal/Gwalior)। बार-बार हिमालय में पहुंच रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western disturbance) का असर राजधानी भोपाल (Bhopal) सहित ग्वालियर-चंबल अंचल (Gwalior-Chambal Zone) के मौसम में भी देखने को मिल रहा है। यहां हवाओं की दिशा में बार-बार परिवर्तन के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। इसी क्रम में शनिवार-रविवार की रात एक और पश्चिमी विक्षोभ हिमालय (Western Disturbance Himalaya) में पहुंचने वाला है। इसके प्रभाव से दिन व रात के तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। जिससे मौसम में गर्मी का असर और बढ़ सकता है।
ग्वालियर में शुक्रवार को दिन भर बादल छाए रहे लेकिन शनिवार को मौसम शुष्क रहा। जिससे धूप काफी तेज रही और हवाएं दक्षिण-पश्चिमी चलीं। इस वजह से दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई जबकि रात का तापमान स्थिर रहा।
स्थानीय मौसम विज्ञानी सीके उपाध्याय ने बताया कि आज रात में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में पहुंचेगा। इसके प्रभाव से हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी हो गई है। इस वजह से रविवार को दिन व रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसी क्रम में 28 फरवरी को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में पहुंचेगा। इसके प्रभाव से एक मार्च को ग्वालियर-चंबल अंचल में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दिन में ठंड का असर नहीं है। अभी रात में जो हल्की ठंड का असर बना हुआ है वह भी फरवरी अंत तक समाप्त हो जाएगा। कुल मिलाकर अब मौसम में गर्मी का असर बढ़ेगा।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 74 और शाम को 36 प्रतिशत दर्ज की गई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved