
इंदौर। शहर के बिल्डर को लारेंस विश्नोई गैंग के नाम पर वसूली के लिए धमकी देने के मामले में क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने महिदपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। लारेंस विश्नोई गैंग के हैरी बॉक्सर के नाम पर प्रदेश में आठ से अधिक जिलों में धमकी के मामले सामने आए थे। इन सभी मामलों की जांच के लिए प्रदेश स्तर पर डीजीपी ने एसआईटी बनाई है। एसआईटी अब तक 25 से अधिक गुर्गों को पकड़ चुकी है। वहीं इंदौर में बिल्डर विवेक दम्मानी और संजय जैन को मिली धमकी की जांच इंदौर क्राइम ब्रांच कर रही है।
क्राइम ब्रांच में भी एक एसआईटी बनाई गई है। कल क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने महिदपुर से सचिन आर्य नामक बदमाश को गिरफ्तार किया। डीसीपी क्राइम राजेशकुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह आरोपी राजपाल का साथी है और सीधे तैर पर लारेंस के हैरी बॉक्सर से जुड़ा है। उसको आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस को उससे कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। इसके पहले पुलिस इंदौर के केस में अशोकनगर और खरगोन जेल में बंद दो आरोपियों को जेल से रिमांड पर लेकर आई थी और इंदौर के केस में उनको आरोपी बनाया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved