भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सोयाबीन के लिए अब मुफीद नहीं मप्र की माटी

  • जलवायु परिवर्तन के चलते बदल रहा मौसम का मिजाज, कृषि वैज्ञानिक ने भविष्य के बदलाव के दिए संकेत
  • कार्बन, मिथेन और नाइट्रेस ऑक्साइड से साल दर साल बदल रहा मानसून का चक्र, कम वर्षा के कारण बिगड़ती जा रही सोयाबीन की खेती

भोपाल। सोया प्रदेश मप्र में सोयाबीन की उपज दिन पर दिन कम होती जा रही है। प्रदेश में मालवा के पठार की उपजाऊ मिट्टी सोयाबीन की खेती के लिए श्रेष्ठ मानी जाती है। ग्लोबल वार्मिंग से जलवायु परिवर्तन के चलते उज्जैन समेत मालवा की माटी सोयाबीन के लिए मुफीद नहीं रहेगी। यह चौंकाने वाला खुलासा कृषि वैज्ञानिक कर रहे हैं। मालवा में खरीफ की सबसे बड़ी फसल सोयाबीन है। लेकिन लगातार हो रहे जलवायु परिवर्तन से बदलते मौसमी मिजाज के चलते अब मालवा की माटी सोयाबीन के लिए मुफीद नहीं है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि किसानों को अब केवल एक फसल वाली खेती करने के बजाय इसके साथ मक्का, ज्वार, धान आदि की खेती को शामिल करना चाहिए। इससे नुकसान की भरपाई होती रहेगी।
गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र से उत्सर्जित नुकसान दायक कार्बन, मिथेन और नाइट्रेस ऑक्साइड के साथ ईंधन व धूल मिट्टी से हो रहे वायु प्रदूषण के कारण बारिश का मौसम भी बदलता जा रहा है। किसी वर्ष तय समय में मानसूनी बारिश शुरू हो जाती है तो किसी वर्ष बहुत देर हो जाती है। इसके साथ ही बारिश के दिनों में भी अंतर देखा जा रहा है, जो ग्लोबल वार्मिंग का नतीजा है। इससे फसल में नुकसान की संभावनाएं बढ़ती जा रही है। कृषि वैज्ञानिक के अनुसार 1 जून से शुरू होने वाले मानसून में अमूमन 10 जून तक बारिश शुरू हो जाना चाहिए, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में बारिश के आगमन की तारीखें बता रही है कि आने वाला समय सोयाबीन के लिए मुफीद नहीं है। खासकर मालवा की माटी, जो खरीफ के सीजन में केवल सोयाबीन खेती का बड़ा केंद्र है, अब बदलते मौसम से प्रभावित हो रही है। वैज्ञानिक के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र के साथ सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों से उत्सर्जित विभिन्न प्रकार की गैसों के कारण ही जलवायु में परिवर्तन आ रहा है। इन्ही गैंसों का उत्सर्जन के चलते ग्लोबल वार्मिंग हो रही है।



चेरापुंजी में सूखे की दस्तक
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. डीएस तोमर ने बताया कि कार्बन, मिथेन और नाइट्रेस ऑक्साइड से ओजोन परत लगभग समाप्ती की ओर है। इसके कारण सूर्य की किरणें अब सीधे पृथ्वी के संपर्क में है, जिससे साल दर साल तापमान बढ़ता जा रहा है। इसी से वर्षा असंतुलित हो रही है। ग्लाबल वार्मिंग से जलवायु परिवर्तन के उदाहरण में वैज्ञानिक तोमर ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र में चेरापुंजी, जो घनघोर वर्षा से जाना जाता है, अब सूखे की कगार पर पहुंच गया है। दूसरी ओर पश्चिमि क्षेत्र में जहां हमेशा सूखे की मार रहती है, बाढ़ आने लगी है। इसका बड़ा उदाहरण गुजरात है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए फसल में परिवर्तन भी जरूरी हो गया है।

Share:

Next Post

कूनो में सितंबर में आएंगे चीते

Sun Aug 14 , 2022
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने 15 अगस्त तक चीते आने की अटकलों को दिया विराम अभी दक्षिण अफ्रीका से एमओयू होना है बाकी श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क में 15 अगस्त तक अफ्रीकी चीतों को लाए जाने की तमाम अटकलों को शनिवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि […]