
अमरावती। आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के पूर्वी गोदावरी जिले में रोड-कम-रेल ब्रिज के पास गोदावरी नदी में कूदकर पंचायत राज विभाग के एक असिस्टेंट इंजीनियर, उनकी पत्नी और बेटी ने आत्महत्या कर ली। स्थानीय मछुआरों ने सतर्कता से उनके पोते को सुरक्षित बचा लिया।
तीन लोगों की हुई मौत
साउथ जोन की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस ए. शिवप्रिया के अनुसार, मृतकों की पहचान पीठापुरम में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर गोलापुडी नुकाराजू, उनकी पत्नी और बेटी सौजन्या के रूप में हुई है। DSP ने बताया कि रविवार शाम को यह परिवार एक ड्राइवर के साथ कार से राजमुंदरी के लिए निकला था। कोव्वूर पहुंचने पर उन्होंने ड्राइवर को पैसे देकर भेज दिया और कार खुद चलाने लगे, जिसे बेटी सौजन्या चला रही थी।
नदी में लगाई छलांग, पोते को सुरक्षित निकाला
रात लगभग 11:45 बजे ब्रिज के पास पहुँचने पर सबसे पहले नुकाराजू की पत्नी ने नदी में छलांग लगाई, जिसके बाद नुकाराजू, सौजन्या और उनका बेटा भी नदी में कूद गए। 5वीं कक्षा में पढ़ने वाला यह बच्चा एक राष्ट्रीय स्तर का तैराक है। उसने शुरुआत में अपनी दादी का हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की और मदद के लिए चिल्लाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय नाविकों और मछुआरों की मदद ली, जिन्होंने रात में ही लड़के की आवाज सुनकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुसाइड नोट में मानिसक प्रताड़ना का जिक्र
घटना के बाद नुकाराजू का लिखा एक सुसाइड नोट सामने आया है। नोट में उन्होंने शेख सादिक खान नाम के व्यक्ति पर परिवार को मानसिक रूप से परेशान करने, घरेलू कलह पैदा करने, बैंक खातों पर कब्जा करने की कोशिश और जान से मारने की धमकियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved