नई दिल्ली। लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद (Kirti Azad) के ई-सिगरेट (e-cigarette) पीने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित शिकायत सौंपने के बाद अब भाजपा ने सदन के अंदर का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में TMC सांसद कथित तौर पर सिगरेट की कश लेते नजर आ रहे हैं। भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को यह वीडियो शेयर कर टीएमसी पर हमला बोला है। उन्होंने ममता बनर्जी से जवाब भी मांगा है।
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करीब 35 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने दावा किया है कि कीर्ति आजाद इस वीडियो में छिपकर ई सिगरेट की कश भर रहे हैं। वीडियो में पहले कीर्ति आजाद को कई बार कैमरे की ओर देखते हुए देखा जा सकता है। कुछ सेकेंड बाद वह अपना हाथ मुंह के पास ले जाते हैं, और फिर हटा लेते हैं। हालांकि वीडियो में ई-सिगरेट या धुआं दिखाई नहीं दिखा। लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
The TMC MP accused by BJP MP Anurag Thakur of vaping inside Parliament is none other than Kirti Azad. For people like him, rules and laws clearly hold no meaning. Just imagine the audacity, hiding an e-cigarette in his palm while in the House!
Smoking may not be illegal, but… pic.twitter.com/kZGnYcP0Iu
— Amit Malviya (@amitmalviya) December 17, 2025
अमित मालवीय ने वीडियो के साथ लिखा, “भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा संसद के अंदर वेपिंग करने का आरोप जिस तृणमूल सांसद पर लगाया गया है, वह कोई और नहीं बल्कि कीर्ति आजाद हैं। उनके जैसे लोगों के लिए नियम और कानून साफ तौर पर कोई मायने नहीं रखते। जरा सोचिए, सदन में रहते हुए अपनी हथेली में ई-सिगरेट छिपाने की हिम्मत।” उन्होंने आगे कहा, “धूम्रपान भले ही गैर कानूनी ना हो, लेकिन संसद में इसका इस्तेमाल बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। ममता बनर्जी को अपने सांसद की इस हरकत पर सफाई देनी चाहिए।”
बता दें कि पिछले सप्ताह लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा की कार्यवाही कुछ समय के तब बाधित हो गई जब अनुराग ठाकुर ने एक TMC सांसद पर कई दिनों से सदन में ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाया। हालांकि, अनुराग ठाकुर ने किसी का नाम नहीं लिया था। उन्होंने इस मामले में जांच की मांग करते हुए कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है।
वहीं लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने का अनुरोध किया। और भाजपा सांसद से लिखित में शिकायत देने की बात कही। इसके बाद बीते शुक्रवार को अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपकर TMC सांसद पर कार्रवाई की मांग की।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved