
इंदौर। विधानसभा 1 और देपालपुर के बाद अब आज महू में बड़े दलबदल की तैयारी है। कांग्रेस के पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार पहले ही भाजपा में आ चुके हैं और आज उनके साथ उनके समर्थकों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई जा रही है।
एक समय दरबार कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे, लेकिन दो बार कैलाश विजयवर्गीय और दो बार ही उषा ठाकुर से चुनाव हारने के बाद उन्होंने 15 मार्च को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। दरबार ने गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बागी के बतौर चुनाव लड़ा और दूसरे नंबर पर रहे, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी रामकिशोर शुक्ला तीसरे नंबर पर रहे थे। वैसे शुक्ला भी भाजपा में आ चुके हैं और इसके बाद महू में भी राजनीतिक गुटबाजी शुरू हो गई है।
आज दरबार शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। महू में उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम रखा है, जिसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, धार सांसद प्रत्याशी सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार, विधायक उषा ठाकुर की मौजूदगी में 3 हजार कांग्रेसियों को भाजपा की सदस्यता दिलाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दरबार के पास जमीनी कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज है और वे आज भाजपा में शामिल हो जाएंगे। यूं भी महू में कांग्रेस का स्थानीय स्तर पर कोई बड़ा नेता नहीं बचा है। हालांकि यह विधानसभा धार लोकसभा में आती है, इसलिए इंदौर लोकसभा सीट पर इसका कोई असर नहीं पडऩे वाला है, लेकिन जिले में भाजपा इससे और अधिक मजबूत होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved