
डेस्क। पाकिस्तान (Pakistan) के अशांत प्रांत बलूचिस्तान (Balochistan) में मंगलवार को ट्रेन हाईजैक (Train Hijack) कर ली गई। रिपोर्ट के मुताबिक बलूचिस्तान के माच क्षेत्र में हथियारबंद लोगों ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन (Jaffar Express Train) पर हमला कर दिया। दावा किया जा रहा है कि यह हमला बलूच लिबरेशन आर्मी (Baloch Liberation Army) ने किया है। संगठन ने ट्रेन में सवार 120 यात्रियों को बंधक बना लिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बलूचिस्तान सरकार ने आपातकाल लागू कर दिया है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, रेलवे नियंत्रक मुहम्मद काशिफ ने कहा कि क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को कुछ हथियारबंद लोगों ने पेहरो कुनरी और गदलार के बीच सुरंग नंबर आठ के पास रोक लिया। नौ कोच वाली इस ट्रेन में 500 यात्री सवार हैं। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि सिबी अस्पताल में आपातकाल लागू कर दिया गया है। जबकि एंबुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। रिंद ने कहा कि रेलवे ने भी बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर छह हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हमले में कई यात्री घायल भी हो गए। बचाव दल और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ट्रेन के चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved