वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की आय से जुड़े हालिया वित्तीय खुलासों में भारत उनके लिए एक महत्वपूर्ण बाजार के रूप में उभरकर सामने आया है। दस्तावेजों के अनुसार, ट्रंप परिवार ने रियल एस्टेट लाइसेंसिंग समझौतों (Real estate licensing agreements) के जरिए भारत से लगभग 10 मिलियन डॉलर की कमाई की है। इसमें सबसे बड़ा योगदान गुरुग्राम का रहा है।
अमेरिकी सरकारी नैतिकता कार्यालय (U.S. Office of Government Ethics) में जमा वित्तीय विवरणों के मुताबिक, ट्रंप परिवार ने विभिन्न देशों में रियल एस्टेट परियोजनाओं को अपने नाम और ब्रांड के इस्तेमाल की अनुमति देकर बड़ी आय अर्जित की है। डेवलपर्स ट्रंप ब्रांड का उपयोग करने के बदले लाइसेंस शुल्क का भुगतान करते हैं, जिससे परिवार को करोड़ों डॉलर की कमाई होती है।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप परिवार ने कुल 58 मिलियन डॉलर लाइसेंसिंग फीस के रूप में अर्जित किए हैं, जबकि उनकी कुल घोषित आय लगभग 2.3 बिलियन डॉलर बताई गई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारत से ट्रंप परिवार को करीब 10 मिलियन डॉलर की आय हुई। इसमें विभिन्न शहरों का योगदान इस प्रकार बताया गया है—
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि भारत में ट्रंप ब्रांड वाले लग्जरी रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स उनकी आय का महत्वपूर्ण स्रोत बने हुए हैं।
भारत के अलावा ट्रंप ब्रांड को मध्य पूर्व में भी बड़ी सफलता मिली है। वित्तीय खुलासों के अनुसार, दुबई से 11.7 मिलियन डॉलर, अबू धाबी से 10 मिलियन डॉलर, सऊदी अरब से 9.2 मिलियन डॉलर और दोहा से 5.25 मिलियन डॉलर की आय हुई है। इसके अतिरिक्त वियतनाम, रोमानिया, तुर्किये और इंडोनेशिया से भी लाइसेंसिंग समझौतों के माध्यम से राजस्व प्राप्त हुआ।
वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2025 में ट्रंप परिवार के क्रिप्टो कारोबार से 1.4 अरब डॉलर से अधिक की आय हुई। ट्रंप परिवार से जुड़ी क्रिप्टो कंपनी World Liberty Financial ने लगभग 800 मिलियन डॉलर का कारोबार किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी को क्रिप्टो टोकन की बिक्री से करीब 520 मिलियन डॉलर और कारोबार में हिस्सेदारी बेचने से 250 मिलियन डॉलर से अधिक की आय हुई। वहीं, ट्रंप के नाम से जुड़े मीम कॉइन की बिक्री से भी सैकड़ों मिलियन डॉलर की कमाई दर्ज की गई।
रियल एस्टेट और क्रिप्टो के अलावा ट्रंप के पारंपरिक गोल्फ क्लब और रिसॉर्ट व्यवसाय से भी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2025 में इस क्षेत्र से राजस्व 500 मिलियन डॉलर से अधिक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत अधिक बताया गया है।
फ्लोरिडा स्थित ट्रंप का प्रसिद्ध मार-ए-लागो क्लब भी आय का बड़ा स्रोत बना हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, इस क्लब का राजस्व बढ़कर 77 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि पहले यह लगभग 50 मिलियन डॉलर था।
वित्तीय आंकड़े बताते हैं कि रियल एस्टेट, ब्रांड लाइसेंसिंग, क्रिप्टोकरेंसी और हॉस्पिटैलिटी कारोबार के संयोजन ने वर्ष 2025 में ट्रंप परिवार की संपत्ति और आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved