नई दिल्ली। अमेरिका (US) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) एक लाइव इंटरव्यू के दौरान उस वक्त नाराज हो गए, जब एक एंकर ने होटल फायरिंग के संदिग्ध हमलावर के कथित बयान का जिक्र किया। यह बयान विवादित कारोबारी जेफरी एपस्टीन (Jeffrey epstein) से जुड़े आरोपों की ओर इशारा करता था, जिसे सुनते ही ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
दरअसल, हाल ही में एक होटल में हुई गोलीबारी के संदिग्ध ने घटना से पहले एक तरह का ‘घोषणापत्र’ अपने परिवार को भेजा था। इसमें उसने ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाने की बात कही थी। इसी बयान के एक हिस्से में उसने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए, जिनका संदर्भ इंटरव्यू के दौरान एंकर ने उठाया।
सवाल सुनते ही ट्रंप नाराज
जैसे ही एंकर ने उस बयान का जिक्र किया और ट्रंप से प्रतिक्रिया मांगी, वह गुस्से में आ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि ऐसा सवाल पूछा जाएगा और एंकर को इस तरह का बयान इंटरव्यू में नहीं पढ़ना चाहिए था।
ट्रंप ने साफ कहा, “मैं रेपिस्ट नहीं हूं… वह व्यक्ति बीमार है। ऐसे बयान को ऑन-एयर पढ़ना गलत है।” उन्होंने एंकर की आलोचना करते हुए इंटरव्यू जारी रखा, लेकिन पूरे समय नाराजगी जाहिर करते रहे।
एपस्टीन कनेक्शन फिर चर्चा में
गौरतलब है कि जेफरी एपस्टीन से जुड़े मामलों को लेकर ट्रंप का नाम पहले भी चर्चा में आ चुका है। एपस्टीन को नाबालिगों के यौन शोषण के आरोपों में दोषी ठहराया गया था और 2019 में जेल में उसकी मौत हो गई थी। हाल में सामने आई दस्तावेज़ी जानकारियों में ट्रंप का नाम उसके परिचितों में शामिल बताया गया है, हालांकि किसी आपराधिक संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
इंटरव्यू में जारी रहा तीखा संवाद
इंटरव्यू के दौरान एंकर ने हमलावर के कथित ‘नो किंग्स’ विरोध प्रदर्शन से जुड़े होने का भी जिक्र किया, जिस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि “मैं राजा नहीं हूं… अगर होता तो तुमसे बात भी नहीं कर रहा होता।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved