
भोपाल: ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) की मौत मामले में दूसरा पोस्टमार्टम कराने की याचिका (Petition for postmortem) को कोर्ट ने खारिज कर दिया है. भोपाल (Bhopal) के कोर्ट ने कहा, AIIMS दिल्ली में दूसरा पोस्टमॉर्टम करने और मृतक के फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए कल दिए गए निर्देश, इस आदेश द्वारा खारिज किए जाते हैं. जहां तक शव को सड़ने से बचाने के लिए निर्देश जारी करने का सवाल है, आवेदक ने मूल आवेदन में अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को शव को सुरक्षित रखने के लिए निर्देश जारी किए जाएं.
-80°C तापमान में रखना होगा शव
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शव इस समय AIIMS भोपाल की मोर्चरी में -4°C तापमान पर रखा गया है. और AIIMS भोपाल के अधिकारियों के अनुसार, शव को -80°C तापमान पर रखना जरूरी है. भोपाल के अन्य संस्थानों से मिली जानकारी के आधार पर भोपाल में कहीं भी कम तापमान पर शव को सुरक्षित रखने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है.
मध्य प्रदेश में शव रखने की सुविधा उपलब्ध नहीं!
कोर्ट ने कहा, इस संबंध में SHO पुलिस थाना कटारा हिल्स को एक पत्र जारी किया जाए, जिसमें उन्हें निर्देश दिया जाए कि वे चिकित्सा संस्थानों से तत्काल लिखित जानकारी लें कि क्या मध्य प्रदेश के अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों और मध्य प्रदेश के अन्य महानगरों के चिकित्सा संस्थानों में कम तापमान पर शव को सुरक्षित रखने की सुविधा उपलब्ध है. और बिना किसी विलंब के इस न्यायालय में एक लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करें.
क्या बोले पुलिस कमिश्नर?
बता दें कि भोपाल पुलिस ने स्पष्ट किया था कि दूसरे पोस्टमार्टम को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि यदि अदालत अनुमति देती है तो दूसरा पोस्टमार्टम कराया जा सकता है. परिवार ने एम्स दिल्ली में दूसरे पोस्टमार्टम की मांग की थी. पुलिस आयुक्त ने बताया कि मृतका के परिजन उनसे मिले थे और उन्होंने इस संबंध में आवेदन दिया था. उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से इस पर कोई आपत्ति नहीं है और यदि अदालत अनुमति देती है तो दूसरा पोस्टमार्टम कराया जा सकता है.
पति के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, 10 हजार का इनाम
इस बीच पुलिस ने बताया कि मृतका के पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो फिलहाल फरार हैं. दोनों की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी. पति की जानकारी देने वालों को पुलिस की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा. पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved