
इंदौर। इंदौर में शुक्रवार रात जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के काफिले के सामने दो बाइक सवार युवकों के आने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विजयनगर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक शराब के नशे में थे। उनके खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव और सरकारी कार्य में बाधा डालने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
दरअसल यह घटना विजयनगर थाना क्षेत्र की है। जहां मंत्री तुलसी सिलावट का काफिला गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक काफिले की पायलट गाड़ी के सामने आ गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। वही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। साथ ही उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि युवक नशे की हालत में अनियंत्रित होकर काफिले के सामने आए थे या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी। फिलहाल विजय नगर पुलिस के द्वारा इस पूरे मामले की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved