बड़ी खबर

प्रतिमाओं को जलाने से आक्रोशित हुआ उदयपुर, 12 घंटे में पुलिस ने किया आरोपित को गिरफ्तार

उदयपुर। उदयपुर शहर को आक्रोशित कर देने वाले समाजकंटक को पुलिस ने 12 घंटे की जांच पड़ताल के साथ ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गांजे का आदी है। उसने मंदिरों में प्रतिमाओं को आग लगाना स्वीकार कर लिया है। परिवारजनों के अनुसार वह घर में भी कई बार सामान जला चुका है।

गौरतलब है कि उदयपुर में बुधवार रात को प्रमुख चौराहे सूरजपोल के पास पाण्डेजी की बाड़ी स्थित मंदिरों में हनुमान जी व शिवलिंग को किसी ने जला दिया था। सुबह श्रद्धालु जब पहुंचे तब इस वारदात का पता चला और शहर में आक्रोश फैल गया। पुलिस टीम ने सुबह से ही सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया और शाम को इस वारदात के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

कार्यवाहक एसपी गोपालस्वरूप मेवाड़ा ने रात सूरजपोल थाने में मीडियाकर्मियों को बताया कि वारदात में दिनेश उर्फ आकाश हरिजन पुत्र प्रकाश हरिजन निवासी इंद्रा कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार देर रात लगभग एक बजे उसने यह कृत्य किया। पुलिस की विशेष टीम ने सुबह से जांच के दौरान आसपास के 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। उसी आधार पर इसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसने कृत्य करना स्वीकार कर लिया। वह स्कूटी पर मंदिर तक आया था। उसके पिता सफाईकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि घर में भी कई बार वह सामान जला चुका है। पूछताछ में सामने आया कि वह पेट्रोल पम्प से एक लीटर पेट्रोल खरीदकर लाया था और उसने इस वारदात को अंजाम दिया। अभी उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।

आपको बता दें कि सुबह यह खबर फैलने के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। सूरजपोल व्यापार संघ ने घटना के विरोध में और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बाजार बंद कर दिया। वहां क्षेत्रवासी एकत्र हो गए। मामले को लेकर उदयपुर के भाजपा व कांग्रेस सहित हिन्दू दोनों ही संगठनों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने इसके पीछे छिपे साजिशकर्ताओं का चेहरा बेनकाब करने की मांग की। सभी ने यही चिंता जताई कि शुक्रवार को मोहर्रम है और रविवार को रक्षाबंधन पर्व, ऐसे में यह कृत्य शहर के सौहार्द्र को बिगाड़ने की नीयत से किया गया। माहौल को देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सूरजपोल थानाक्षेत्र में ही स्थित रेगर कॉलोनी में स्थित लोकदेवता भैरूजी के स्थानक पर भी आग लगाकर नुकसान पहुंचाने की जानकारी सामने आई। स्थानीय वार्ड पार्षद गौरव प्रताप सिंह के साथ सूरजपोल के व्यापारी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया।

इधर, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, प्रदेश पदाधिकारी प्रमोद सामर, उपमहापौर पारस सिंघवी के नेतृत्व में भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ता साढे़ ग्यारह बजे रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस इस साजिश के पीछे छिपे बदमाशों को बेनकाब करना चाहिए। इन बदमाशों ने पर्यटन शहर के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

MP: किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के साझा प्रयासों से मप्र कृषि में अग्रणीः केन्द्रीय मंत्री तोमर

Fri Aug 20 , 2021
ग्वालियर। मध्यप्रदेश को निरंतर कृषि कर्मण अवार्ड मिले हैं। साथ ही फसलों की नवीन किस्मों का अनुसंधान व फसल उत्पादन सहित खेती से संबंधित अन्य तकनीकों के इस्तेमाल में मध्यप्रदेश अव्वल रहा। यह स्वर्णिम सफलता प्रदेश के किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के आपसी सामंजस्य और साझा प्रयासों से साकार हुई है। यह बात केन्द्रीय कृषि […]