उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News) बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

उज्जैनः पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले चन्द्रमौलेश्वर

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की दूसरी सवारी सोमवार शाम को कोरोना के कारण परिवर्तित मार्ग से निकाली गई। सवारी के आगे भक्त ढोल, शहनाई, डमरू, झांझ आदि वाद्य बजाते शिव के गुणगान करते हुए चल रहे थे। श्रावण माह के दूसरे सोमवार को भगवान चन्द्रमौलेश्वर पालकी में और मनमहेश हाथी पर सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले।

महाकालेश्वर मंदिर में सवारी निकलने के पूर्व मंदिर के सभामंडप में भगवान चन्द्रमौलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। पूजन मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा ने संपन्न् करवाया। पूजन महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने सपत्नीक किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार, प्रशासक नरेन्द्र सूर्यवंशी, महंत विनीत गिरी आदि उपस्थित थे।

पूजन के पश्चात सभी गणमान्य नागरिकों ने पालकी को कंधा देकर नगर भ्रमण की ओर रवाना किया। शाम 4.00 बजे महाकालेश्वर मंदिर के गेट पर सवारी पहुंची, जहां भगवान चन्द्रमौलेश्वर को सलामी दी गई।

इसके बाद सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। सवारी के क्रम में उद्घोषक वाहन, तोपची, भगवान महाकाल का ध्वज, घुड़सवार, विशेष सशस्त्र बल, पुलिस बैण्ड, नगर सेना, महाकाल के पुजारी-पुरोहित, ढोलवादक, झांझवादक, चोपदार, चांदी की झाड़ूवाहक, अन्य आवश्यक व्यवस्था में लगने वाले अधिकारी-कर्मचारी सीमित संख्या में साथ में चल रहे थे।

रामघाट पर अभिषेक हुआ
भगवान महाकालेश्वर की सवारी शाम छह बजे शिप्रा स्थित रामघाट पर पहुंची। यहां पर भगवान महाकाल का शिप्रा जल से अभिषेक किया गया। अभिषेक पूजन पं.आशीष गुरू एवं अन्य पुजारियों ने किया। इस अवसर पर विधायक रामलाल मालवीय, मुरली मोरवाल, विशाल राजौरिया व अन्य गणमान्य मौजूद थे। रामघाट से सवारी हरसिद्धि मन्दिर के सामने से होकर देर रात पुन: महाकाल पहुंची।

प्रभारी मंत्री देवड़ा ने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किये
प्रदेश के वाणिज्यिक कर, वित्त, योजना, आर्थिक, सांख्यिकी विभाग एवं उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने श्रावण मास के दूसरे सोमवार को उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किये। मंत्री देवड़ा ने भगवान के दर्शन नन्दी हॉल से किये तथा प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की। इस दौरान कलेक्टर आशीष सिंह और महाकालेश्वर मन्दिर के पं.प्रदीप गुरू भी मौजूद थे।

Share:

Next Post

मप्र में पहली बार सिंचाई कनेक्शन की सब्सिडी डीबीटी माध्यम से

Tue Aug 3 , 2021
– डिजिडटलाइजेशन की दिशा में बिजली कंपनी ने बढ़ाए कदम इंदौर। केंद्र शासन के डिजिटलाइजेशन अभियान के क्रियान्वयन में पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने और तेजी लाकर किसानों की सब्सिडी डीबीटी से प्रारंभ की है। अब सिंचाई के बिजली कनेक्शनों की सब्सिडी डीबीटी से दी जा रही है। पश्चिम मप्र में सबसे पहले झाबुआ […]