कीव। रूस के साथ जारी युद्ध (Russia War) के बीच यूक्रेन (Ukraine) अतिरिक्त राजस्व जुटाने के लिए पोर्नोग्राफी (Pornography) को कानूनी दायरे में लाने पर विचार कर रहा है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल (The Wall Street Journal) की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी सांसद यारोस्लाव झेलेजन्याक के समर्थन वाले एक विधेयक में एडल्ट एंटरटेनमेंट कारोबार को कानूनी अर्थव्यवस्था का हिस्सा बनाने का प्रस्ताव है। अनुमान है कि इससे सरकार को कर के रूप में करीब 2.5 करोड़ डॉलर (लगभग 237 करोड़ रुपये) तक की आय हो सकती है।
यूक्रेन की संसद की वित्त समिति के अध्यक्ष झेलेजन्याक का कहना है कि इस अतिरिक्त राजस्व से युद्ध के दौरान इस्तेमाल के लिए 30 हजार तक ड्रोन खरीदे जा सकते हैं। यूक्रेन लंबे समय से रूस के खिलाफ युद्ध में ड्रोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहा है और सैन्य जरूरतों के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने के प्रयास में है।
मौजूदा कानून में पोर्नोग्राफी अपराध
रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन में फिलहाल पोर्नोग्राफी का निर्माण, उसे अपने पास रखना अथवा दूसरे लोगों तक पहुंचाना गैरकानूनी है। ऐसे मामलों में अधिकतम सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। इसके बावजूद देश में एडल्ट कंटेंट से जुड़ा कारोबार लगातार बढ़ा है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह कारोबार लंबे समय से कानूनी पाबंदियों के बीच चलता रहा है और कुछ मामलों में भ्रष्ट अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों को रिश्वत दिए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
एडल्ट कंटेंट से होने वाली आय पर कर वसूलने की कोशिश ने यूक्रेन में एक अलग तरह की कानूनी दुविधा पैदा कर दी है। जो लोग अपनी आय घोषित कर टैक्स देना चाहते हैं, वे उसी गतिविधि की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं, जिसे मौजूदा कानून अपराध मानता है।
झेलेजन्याक ने द वॉल स्ट्रीट जर्नल से कहा कि एडल्ट कंटेंट बनाने वालों के सामने ऐसी स्थिति है, जिसमें आय छिपाने पर टैक्स संबंधी कार्रवाई और आय घोषित करने पर पोर्नोग्राफी कानून के तहत कार्रवाई का जोखिम बना रहता है।
2023 में 7,900 यूक्रेनियों ने कमाए 13.1 करोड़ डॉलर
रिपोर्ट में एडल्ट कंटेंट प्लेटफॉर्म ओनलीफैंस से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि 2023 में करीब 7,900 यूक्रेनी लोगों ने ओनलीफैंस के माध्यम से 13.1 करोड़ डॉलर से अधिक की कमाई की। ये आंकड़े ओनलीफैंस की पैरेंट कंपनी फेनिक्स इंटरनेशनल के डेटा पर आधारित बताए गए हैं।
सरकार की ओर से ऐसे लोगों से टैक्स वसूलने की कोशिश के बाद कुछ कंटेंट क्रिएटर्स को नोटिस भी मिले। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ लोगों को भेजे गए पत्रों में टैक्स चोरी के साथ-साथ कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से एडल्ट कंटेंट तैयार करने के आरोप भी लगाए गए।
रिश्वत के आरोपों ने बढ़ाई परेशानी
रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण से पहले यूक्रेन में एडल्ट एंटरटेनमेंट कारोबार को लेकर अधिकारियों की निगरानी अपेक्षाकृत कम होने की बात रिपोर्ट में कही गई है। हालांकि, अब इस क्षेत्र में कार्रवाई बढ़ी है।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के जनरल प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के सामने ऐसे मामले आए हैं, जिनमें तीन क्षेत्रों के अधिकारियों पर 20 हजार डॉलर तक की रिश्वत लेने के आरोप लगाए गए हैं।
युद्ध के बीच राजस्व बढ़ाने की कोशिश
यूक्रेन की सरकार युद्ध के बीच सैन्य जरूरतों और सरकारी खर्चों को पूरा करने के लिए राजस्व के नए स्रोत तलाश रही है। पोर्नोग्राफी को वैध बनाने का प्रस्ताव इसी व्यापक आर्थिक चुनौती से जोड़कर देखा जा रहा है।
यदि प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो एडल्ट एंटरटेनमेंट कारोबार को कानूनी ढांचे में लाकर उस पर कर लगाया जा सकता है। प्रस्ताव के समर्थकों का तर्क है कि इससे सरकार को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और मौजूदा कानूनी विरोधाभास भी दूर किया जा सकेगा। वहीं, इस मुद्दे से जुड़े कानूनी और सामाजिक पहलुओं पर यूक्रेन में बहस जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved