उत्तर प्रदेश देश राजनीति

उप्रः सोशल मीडिया के सर्वे में भाजपा को 301 सीट, मुख्यमंत्री पद की रेस में योगी सबसे आगे

– 44 फीसदी की पहली पसंद भाजपा, 32 फीसदी की पसंद सपा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी दल अपने-अपने योद्धाओं को चुनावी समर में उतार रहे हैं। इस बीच स्वतंत्र सर्वे एजेन्सी मैटराइज न्यूज कम्यूनिकेशन के एक सर्वे में भाजपा बाजी मारती हुई दिखाई दे रही है। पांच दिसंबर से 20 दिसंबर 2021 के बीच हुए इस सर्वे के द्वारा प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति को जानने की कोशिश की गई। सोशल मीडिया के जरिए किए गए इस सर्वे के नतीजे बताते हैं कि वर्तमान स्थिति में अगर चुनाव होते हैं तो प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बननी तय है। खास बात यह भी कि शनिवार को सर्वे के नतीजे जारी होने के बाद लोकप्रिय सोशल मीडिया मंच ‘ट्विटर’ पर भी यह छाया रहा। ट्विटर इंडिया पर ##UPMATRIZESSurvey नम्बर एक पर ट्रेंड करता रहा। सोशलमीडिया के यूजर्स सर्वे के परिणाम को साझा करते हुए योगी सरकार के प्रयासों की चर्चा भी कर रहे हैं।

सर्वेक्षण परिणाम के आंकड़ों के मुताबिक 44% लोग भाजपा की सरकार चाहते हैं। 44 % वोट के साथ भाजपा 301 सीटें जीत सकती है। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी 32% वोट के साथ जनता की दूसरी पसंद है। समाजवादी पार्टी (सपा) की सीटों की बात करें तो उसको 32% वोट के साथ 72 सीटें मिल सकती हैं। मायावती की पार्टी बीएसपी को 14 % वोट मिल रहे हैं, यानि बीएसपी को महज नौ से 14 सीटें ही मिल सकती हैं। कांग्रेस को महज 04% वोट मिल रहे हैं और चार से आठ सीटें मिलने का अनुमान है।

मैटराजइज न्यूज कम्यूनिकेशन के सर्वे के मुताबिक मुख्यमंत्री की रेस में योगी सबसे आगे दिख रहे हैं। प्रदेश की 45% जनता योगी आदित्यनाथ को पसंद कर रही है। वहीं समाजादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को 21% लोग ही पसंद कर रहे हैं। बीएसपी अध्यक्ष मायावती को 14% तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लिए भी अच्छी खबर नहीं है। प्रियंका को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की कमान दे रखी है।

पिछले कई महीने से प्रियंका यूपी की राजनीति में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। बावजूद इसके प्रियंका को मात्र 18 % लोगों का ही साथ मिल रहा है। भाजपा का ग्राफ बढ़ने का सबसे बड़ा कारण जो इस सर्वे में सामने आया है, वह मुख्यमंत्री आदित्यनाथ खुद हैं। योगी द्वारा राज्य में किए गए विकास के कार्यों ने भाजपा को सबसे आगे रखा है। मैटराइज न्यूज कॉम्यूनिकेशन ने अपने सर्वे में राज्य की जनता से यह जानने की कोशिश की कि आपका वोट देने का आधार क्या है तो 36% जनता ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार को सबसे ऊपर रखा। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मप्र में कोरोना के 5315 नये मामले, सक्रिय मरीज भी 25 हजार के पार

Sun Jan 16 , 2022
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के नये मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 5315 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 1186 मरीज संक्रमण मुक्त होकर अपने घर पहुंचे हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 08 लाख, 24 हजार, 543 हो गई है। साथ ही […]