
कानपुर. कानपुर (Kanpur) सेंट्रल स्टेशन (Central Station) से महज दो किलोमीटर दूर दिल्ली प्रयागराज रेलवे रूट (Delhi–Prayagraj Railway Route) पर पांच लीटर एलपीजी सिलिंडर (LPG Cylinder) फट गया, जिसकी आवाज से आसपास अफरा तफरी मच गई। पुलिस, आरपीएफ और क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल पर जांच की। नजदीक ही एक बैग पड़ा हुआ था, जिसमें कपड़े, बर्तन, मोबाइल, आधार कार्ड व अन्य सामने मिले हैं। आधार कार्ड प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का है।
रेलवे कर्मियों ने कुछ देर पहले गुजरी महाबोधी एक्सप्रेस से सिलिंडर के गिरने की आशंका जताई है। पूर्व में इस रूट पर कई बार छोटे सिलिंडर मिल चुके हैं। पुलिस और आरपीएफ ने साजिश व शरारत के एंगल पर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक बुधवार रात यूपी 112 पर दिल्ली प्रयागराज रूट एलपीजी सिलिंडर जलने और उसमें धमाका होने की सूचना आई।
मौके से फटा हुआ एक बोरी का बैग भी मिला
यह सिलिंडर सेंट्रल स्टेशन से महज दो किलोमीटर दूर कैंट क्षेत्र में पड़ा हुआ था। सूचना पर कैंट, रेलबाजार, चकेरी पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। सिलिंडर को आसपास के लोगों ने बुझा दिया था। यह सिलिंडर रेलवे ट्रैक संख्या 1017 डीएल-16 के किनारे पड़ा हुआ था। पुलिस को मौके से फटा हुआ एक बोरी का बैग भी मिला है। उसमें भगौना, तवा, कटोरी, चम्मच, मोबाइल, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज थे।
किसी मजदूर के बैग से गिरने की आशंका
आधार कार्ड प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का है। यह बैग फेंका गया या फिर गिर गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने प्रतापगढ़ स्थित उनके घर से पता कराया था, जिसमें उनके बेटे ने पिता के दिल्ली से घर लौटने की जानकारी दी। ओम प्रकाश मिश्रा दिल्ली में गार्ड की नौकरी करते हैं। आरपीएफ के सीओ विवेक वर्मा ने बताया कि ट्रेन से किसी मजदूर के बैग से गिरने की आशंका है। पुलिस और आरपीएफ जांच कर रही है।
गैस लीक होने पर सिलिंडर फेंकने की आशंका
पुलिस विशेषज्ञों ने गैस लीकेज होने पर यात्रियाें द्वारा सिलिंडर को ट्रेन से बाहर फेंकने की आशंका जताई है। सिलिंडर के एक किनारे पर बड़ा सा छेद बना है, जिससे तेजी से गैस रिसने और आग लगने की आशंका जता रही है। बैग में मोबाइल और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिससे यह कार्य आनन फानन में किया गया है।
हो सकता था बड़ा हादसा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक महाबोधी एक्सप्रेस नई दिल्ली से सेंट्रल स्टेशन की ओर जा रही थी। इस जगह पर ट्रेन की रफ्तार ठीक ठाक रहती है। ऐसे में सिलिंडर के एकदम ट्रेन के नजदीक फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। सिलिंडर ट्रैक से लगभग सात फिट की दूरी पर झाड़ियों के किनारे जल रहा था।
पूर्व में मिल चुके सिलिंडर
बर्राजपुर स्टेशन के नजदीक कालिंदी एक्सप्रेस से एलपीजी भरा गैस सिलिंडर टकराया था।
गोविंदपुरी स्टेशन से आगे झांसी रेलवे लाइन पर फायर सेफ्टी सिलिंडर मिला था।
महाराजपुर के पास प्रयागराज रूट पर पांच लीटर का खाली सिलिंडर मिला था।
गोविंदपुरी स्टेशन और पनकी स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे फायर सेफ्टी सिलिंडर मिला था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved