लखनऊ। भारत-पाक संघर्ष (Indo-Pak conflict.) के अलर्ट के चलते लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट (Lucknow Police Commissionerate) के सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द (Leave of police personnel cancelled) कर दी गई हैं। पुलिस कर्मियों को अब विषम परिस्थितियों में ही अवकाश दिया जाएगा। शुक्रवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध अमित वर्मा ने यह आदेश जारी किया। जो पुलिसकर्मी पहले से छुट्टी पर हैं उन्हें वापस बुला लिया गया है। उनका अवकाश रद्द कर दिया गया है।
जारी किए गए पत्र की प्रतिलिपि उन्होंने संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार के अलावा सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, एसीपी और इंस्पेक्टर को भेजी है। इसके अलावा मुख्य अग्निशमन अधिकारी, आरआई प्रथम, द्वितीय रिजर्व पुलिस लाइन को भी भेजी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पहले से अवकाश पर गए पुलिसकर्मियों को बुलाया
वहीं पहले से अवकाश पर गए पुलिस कर्मियों को भी बुलाने के आदेश दिए गए हैं। उनके भी अवकाश रद्द किए गए हैं। थाने, पुलिस लाइन तथा कमिश्नरेट के अन्य पुलिस दफ्तरों में अधिकारी अवकाश पर गए पुलिस कर्मियों को वापस लौटने के लिए सूचना दे रहे हैं। यह आदेश पुलिस के व्हाट्सऐप ग्रुप पर भी पोस्ट किया गया है, जिससे अवकाश पर गए पुलिस कर्मियों को जानकारी हो सके।
विषम परिस्थिति में ही मिलेगा अवकाश
छुट्टी से वापस बुलाए जाने के साथ ही कहा गया है कि अब सिर्फ विषम परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किए जाएंगे। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव के बीच उत्तर प्रदेश में संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सभी जिलों को इस बारे में अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। खुफिया एजेन्सियां भी सक्रिय और सतर्क हैं। भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता पहले से अधिक कर दी गई है। यहां यूपी पुलिस के साथ एसएसबी भी अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में अब पुलिसकर्मियों की छुट्टियों को रद्द करने के साथ उन्हें वापस बुलाने का निर्देश दिया गया है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved