img-fluid

UP: आगरा में यमुना ने धारण किया रौद्र रूप, कॉलोनी-गांवों में घुसा पानी

August 21, 2025

आगरा। पहाड़ों पर हो रही बारिश (Rain) से आगरा (Agra) में यमुना (Yamuna) ने रोद्र रूप धारण कर लिया है। वाटर वर्क्स पर यमुना बाढ़ की चेतावनी स्तर 495 फीट को पार (Flood warning level 495 feet crossed) कर गई है। इससे शहर की कॉलोनियों और गांव के मुहाने तक पानी पहुंच गया है। घाट, मंदिर सहित ताजगंज श्मशान घाट की अंत्येष्टि स्थल डूब गए हैं। ताजमहल की दीवार तक पानी पहुंच रहा है, जिसके चलते सीआईएसएफ की सुरक्षा चौकी हटानी पड़ गई है। इधर, गोकुल बैराज से नदी में हर घंटे पानी का डिस्चार्ज बढ़ा रहा है। जिला प्रशासन शुक्रवार तक जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने की आशंका जता रहा है। उन्होंने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।


17 अगस्त की शाम चार बजे हथिनी कुंड से यमुना में 1.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। 19 अगस्त को ओखाला बैराज से भी नदी में 91,212 क्यूसेक पानी में छोड़ दिया गया। परिणाम स्वरूप बुधवार को मथुरा में नदी खतरे के निशान को पार करके 165.94 मीटर पर बह रही है। ऐसे में गोकुल बैराज से नदी में निरंतर पानी छोड़ा जा रहा है। मंगलवार दोपहर तीन बजे से 87,079 क्यूसेक पानी प्रतिघंटे नदी में छोड़ा गया है, जो निरंतर 11 घंटे चला है। बुधवार दोपहर दो बजे गोकुल से डिस्चार्ज बढ़ाकर 88,785 क्यूसेक कर दिया गया, जो शाम सात बजे तक चला है। रात आठ बजे 90,483 क्यूसेक प्रति घंटे पानी छोड़ना शुरू कर दिया है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष की मानें तो ये पानी शुक्रवार तक आगरा आ जाएगा। इससे जल संस्थान आगरा पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान 499 फीट पहुंच सकता है। अभी रात आठ बजे यहां नदी का जलस्तर 495.1 फीट रिकार्ड हुआ है। इससे लोगों में दहशत की स्थिति है। कैलाश मंदिर की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। यमुना ब्रिज क्षेत्र के कटरा वजीर खां और घाट बजरिया नदी से सटी गलियों में पानी पहुंचना शुरू हो गया है। एत्मादउद्दौला के जौहरी बाग स्थित घाट पर बने शिव मंदिर तक पानी पहुंच गया है। एत्मादउद्दौला स्मारक मेहताब बाग की दीवार को पानी छूकर बह रहा है।

मोक्षधाम के 12 अंत्येष्टि स्थल डूबे
यमुना नदी का पानी ताजगंज श्मशान घाट में प्रवेश कर गया है। यहां नीचे की तरफ बने 12 अंत्येष्टि स्थल पानी में डूब गए हैं। चिमनी तक पानी आ गया है। बुधवार को अंत्येष्टि के लिए यहां 17 पार्थिव शरीर आए। उनका ऊपर के अंत्येष्टि स्थल पर विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। अभी यहां नीचे की तरफ पानी भरा है। व्यवस्था संभालने वाले लोगों ने बताया कि अभी परेशानी हो रही है। जलस्तर बढ़ता है तो पर्याप्त स्थान उनके पास है।

इन गांवों और इलाकों पर मंडरा रहा खतरा
पानी बाढ़ की चेतावनी स्तर से ऊपर निकला तो सदर तहसील के गांव तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढ़ी, अमर विहार, मोती महल, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टॉकीज, यमुना किनारा तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढ़ी, अमर विहार दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदांता मंदिर को प्रभावित कर देता है।

ताजमहल के पीछे सुरक्षा चौकी हटाई
ताजमहल के पीछे बाउंड्री तक यमुना पानी पहुंच गया है। इसके चलते वहां से सीआईएसएफ की सुरक्षा चौकी को हटा दिया गया है। यमुना के उफान से कैलाश, बल्केश्वर, हाथी घाट और दशहरा घाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। यहां नदी किनारे न जाने के लिए रस्सा लगा दिया गया है। बल्केश्वर पर पार्वती घाट पानी में डूब गया है। यहां काली भैरों का मंदिर भी जलमग्न है। मंदिर तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है।

खेत जलमग्न, बाढ़ चौकियां स्थापित
प्रशासन ने यमुना में बढ़ते पानी को देखते हुए अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। शहरी क्षेत्र सहित फतेहाबाद और बाह के करीब 40 गांवों पर संकट है। ऐसे में प्रशासन ने बाढ़ चौकियां स्थापित कर दी हैं। यहां लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। नदी के जलस्तर पर नजर रखने के निर्देश हैं। उन्हें पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों को देनी है। तहसीलदार, उपजिलाधिकारी संबंधित क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

इन बातों का रखें ध्यान
– जरूरी कागजात जैसे राशन कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड वाटरप्रूफ बैग में रखें।
– क्लोरिन, ओआरएस, जरूरी दवाएं, प्राथमिक उपचार किट में अवश्य रख लें।
– सूखा अनाज व मवेशियों के चारे को ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रख लें।
– चेतावनी पर गर्भवती महिला, बच्चों-वृद्धों, दिव्यांग,बीमार को सुरक्षित जगह ले जाएं।
– उबला हुआ या क्लोरिन युक्त पानी पिएं। बाढ़ के संपर्क में आई सामग्री न खाएं।
– बिजली का मुख्य स्विच व गैस रेगुलेटर बंद कर दें। डूबे हैंडपंप का पानी न पीएं।

Share:

  • MP : छिंदवाड़ा में कांग्रेस नेताओं ने डॉगी को सौंपा ज्ञापन, सिंघार बोले- गूंगी बहरी है सरकार

    Thu Aug 21 , 2025
    छिंदवाड़ा । मध्य प्रदेश कांग्रेस (Madhya Pradesh Congress) के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को छिंदवाड़ा जिले (Chhindwara district) में किसान बचाओ रैली (Save Farmers Rally) का आयोजन किया, इस दौरान उस वक्त एक बेहद चौंकाने वाला दृश्य दिखाई दिया, जब पार्टी नेताओं ने प्रतीक के तौर पर कुत्ते (Dogs) को ज्ञापन दे दिया […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved